भोपाल 02/05/2026 (दयाराम कुशवाहा ) भोपाल। राजधानी भोपाल में आज अचानक मौसम ने करवट ली। तेज हवा, गरज-चमक और भारी बारिश ने जहां एक ओर लोगों को भीषण गर्मी से राहत पहुंचाई, वहीं दूसरी ओर आकृति गार्डन ग्रुप, भोपाल की जागरूक महिलाओं ने इस सुनहरे अवसर को पर्यावरण संरक्षण के अभियान में बदल दिया।
बारिश के अनुकूल मौसम का लाभ उठाते हुए आकृति गार्डन ग्रुप की महिलाओं ने आकृति गार्डन परिसर में उत्साह, ऊर्जा और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ पौधारोपण किया। समूह की महिलाओं ने हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण को अपना कर्तव्य मानते हुए समाज को प्रेरणादायक संदेश दिया।
इस विशेष अवसर पर ग्रुप की सक्रिय सदस्य कामिनी विश्वकर्मा, ज्योति राय, राजश्री सक्सेना, अरुणिता रावत सहित अन्य महिलाओं ने मिलकर पौधे लगाए और यह साबित किया कि यदि मन में दृढ़ निश्चय हो तो कोई भी कार्य कठिन नहीं होता। महिलाओं ने अपने सामूहिक प्रयास से यह संदेश दिया कि आलस्य त्यागकर सकारात्मक सोच, कर्मठता और समर्पण के साथ हर लक्ष्य को सफल बनाया जा सकता है।
महिलाओं ने कहा कि “पर्यावरण की रक्षा हमारा परम धर्म है। पेड़-पौधे केवल प्रकृति की सुंदरता नहीं बढ़ाते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की आधारशिला भी हैं।”
आकृति गार्डन ग्रुप की इस प्रेरणादायक पहल ने यह सिद्ध कर दिया कि सामाजिक जागरूकता, एकजुटता और सकारात्मक सोच के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण कार्यों को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जा सकता है। अचानक हुई बारिश को अवसर में बदलकर महिलाओं ने समाज के सामने एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया। यह पहल न केवल हरियाली बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि समाज को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने का प्रेरणादायक संदेश भी है।