पिपरिया में ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर ‘आरोह 2026’ का शुभारंभ, युवा खिलाड़ियों में दिखा उत्साह
नर्मदापुरम् पिपरिया 02/5/2026
( छगन कुशवाहा )
पिपरिया (नर्मदापुरम)। मध्य प्रदेश शासन, खेल एवं युवा कल्याण संचालनालय भोपाल के निर्देशानुसार विकासखंड पिपरिया में ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर ‘आरोह 2026’ का शुभारंभ शासकीय आरएनए स्कूल परिसर में किया गया। अतिथियों ने मैदान पूजन कर शिविर की शुरुआत की।
यह एक माह का प्रशिक्षण शिविर 1 मई से 30 मई 2026 तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें 19 वर्ष तक के बालक-बालिका खिलाड़ी विभिन्न खेलों का प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। शिविर में खिलाड़ियों को खेल कौशल के साथ-साथ फिटनेस और मानसिक मजबूती पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
शिविर में फुटबॉल का प्रशिक्षण प्रीतम सिंह पुर्विया एवं सचिन पुर्विया द्वारा, रग्बी का प्रशिक्षण निशा ठाकुर और आशीष प्रजापति द्वारा दिया जा रहा है। वहीं हैंडबॉल के लिए अरविंद शर्मा और राशिद शाह तथा ताइक्वांडो के लिए नरेंद्र मालवी शासकीय कन्या उमावि पिपरिया में खिलाड़ियों को प्रशिक्षित करेंगे।
प्रशिक्षण का समय सुबह 7 से 9 बजे और शाम 5 से 7 बजे तक निर्धारित किया गया है, जिससे गर्मी के बीच भी खिलाड़ियों को बेहतर अभ्यास का अवसर मिल सके।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मयूर वर्मा ने खिलाड़ियों को मोबाइल से दूरी बनाकर मैदान में मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। वहीं सीए आयुष अग्रवाल ने पढ़ाई के साथ खेलों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का संदेश दिया।
शिविर में शामिल होने के इच्छुक खिलाड़ी विभाग की वेबसाइटhttps://www.dsywmp.gov.inपर जाकर पंजीयन कर सकते हैं।
इस अवसर पर वरिष्ठ खिलाड़ी एवं शिक्षक मयूर वर्मा, सीए आयुष अग्रवाल, विश्वविद्यालयीन खिलाड़ी शिवम पुर्विया, शिक्षिका तृप्ति वर्मा, महिला कीर समाज अध्यक्षा लक्ष्मी नायर, भरत पटेल सहित खेल प्रशिक्षक एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
खेलों के जरिए निखरेगा हुनर और स्वास्थ्य, युवाओं को मिल रहा मंच






