Type Here to Get Search Results !

निर्माणाधीन जिला अस्पताल का किया निरीक्षण

 कलेक्टर श्री आशीष वशिष्ठ ने निर्माणाधीन जिला अस्पताल का किया निरीक्षण

मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं, चिकित्सा उपकरणों एवं शेष निर्माण कार्यों की समीक्षा की।

आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश  



नर्मदापुरम/12,नवम्‍बर,2026/ कलेक्टर श्री आशीष वशिष्ठ ने गुरुवार को निर्माणाधीन जिला अस्पताल भवन का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न खंडों में पहुंचकर निर्माण कार्यों की प्रगति, मरीजों के लिए विकसित की जा रही सुविधाओं तथा आगामी समय में उपलब्ध कराई जाने वाली चिकित्सकीय सेवाओं की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अस्पताल के विभिन्न वार्ड, ऑपरेशन थिएटर, पेडियाट्रिक वार्ड, स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (एसएनसीयू), मैटरनिटी वार्ड सहित अन्य महत्वपूर्ण चिकित्सा इकाइयों का अवलोकन किया। उन्होंने अस्पताल भवन के ब्लूप्रिंट के माध्यम से प्रत्येक खंड की संरचना, वहां स्थापित होने वाली चिकित्सा सुविधाओं और मरीजों की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार किए जा रहे विभिन्न कंपोनेंट्स की जानकारी ली। उन्होंने निर्माण एजेंसी एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक सुधार और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने विभिन्न जांचों एवं उपचार संबंधी सेवाओं के लिए तैयार किए जा रहे वार्डों और निर्धारित स्थानों का निरीक्षण करते हुए निर्देश दिए कि अस्पताल में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि भवन निर्माण के साथ-साथ प्रत्येक चिकित्सा इकाई की उपयोगिता, मरीजों की सुविधा और स्वास्थ्य सेवाओं के सुचारू संचालन को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सुधारात्मक कार्य समय रहते पूर्ण किए जाएं।

कलेक्टर ने सिविल सर्जन डॉ. सुनीता कामले को निर्देशित किया कि नवीन जिला अस्पताल में आवश्यक चिकित्सा मशीनों एवं उपकरणों की उपलब्धता का विस्तृत आकलन किया जाए। अस्पताल में संचालित होने वाली विभिन्न चिकित्सा सेवाओं के अनुरूप आवश्यक मशीनों की सूची तैयार कर प्रदेश स्तर पर उनकी मांग प्रेषित की जाए। उन्होंने कहा कि सिविल सर्जन एवं अस्पताल प्रबंधन से जुड़े अधिकारी संयुक्त रूप से भवन के प्रत्येक खंड का सूक्ष्म निरीक्षण करें और भविष्य में आवश्यक होने वाले सभी संसाधनों को सूचीबद्ध करें, ताकि समय रहते शासन स्तर से उनकी उपलब्धता सुनिश्चित कराई जा सके।

लंबित निर्माण कार्यों की दैनिक एवं साप्ताहिक समीक्षा के निर्देश

कलेक्टर ने अस्पताल भवन में निर्मित वॉश एरिया एवं बाथरूम सहित अन्य सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वॉश एरिया एवं बाथरूम में उचित एग्जास्ट फैन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे स्वच्छता एवं वेंटिलेशन की बेहतर व्यवस्था बनी रहे।

उन्होंने निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि अस्पताल भवन के शेष सभी छोटे-बड़े निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर दैनिक एवं सप्ताहिक अवधि में पूर्ण किए जाने वाले कार्यों को सूचीबद्ध करें। इन कार्यों की दैनिक एवं साप्ताहिक समीक्षा करते हुए नियमित मॉनिटरिंग की जाए, ताकि निर्धारित समय-सीमा में सभी कार्य पूर्ण हो सकें। कलेक्टर ने अस्पताल भवन में मरीजों एवं उनके परिजनों की सुविधा के लिए प्रत्येक चिकित्सा इकाई और वार्ड तक पहुंचने हेतु उचित साइन बोर्ड एवं दिशा-सूचक संकेतक लगाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने सिविल सर्जन को निर्देशित किया कि निर्माण एजेंसी के साथ नियमित बैठक आयोजित कर शेष कार्यों की प्रगति की समीक्षा करें तथा यह सुनिश्चित करें कि अस्पताल के प्रत्येक खंड में आवश्यक सुविधाएं एवं व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप उपलब्ध हों।

निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ डॉ. नरसिंह गहलोत, सिविल सर्जन डॉ. सुनीता कामले सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.