Type Here to Get Search Results !

अवैध एवं अमानक शराब के विरुद्ध राजस्व, पुलिस और आबकारी विभाग संयुक्त रूप से चलाएं सघन अभियान

 अवैध एवं अमानक शराब के विरुद्ध राजस्व, पुलिस और आबकारी विभाग संयुक्त रूप से चलाएं सघन अभियान : कलेक्टर श्री आशीष वशिष्ठ

सीमावर्ती क्षेत्रों में बढ़ाई जाए निगरानी, अवैध परिवहन एवं निर्धारित दर से अधिक कीमत पर शराब बेचने वालों पर करें कठोर कार्रवाई



नर्मदापुरम/12,नवम्‍बर,2026/ कलेक्टर श्री आशीष वशिष्ठ ने जिले में अवैध शराब के परिवहन एवं बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा अमानक शराब की बिक्री रोकने के लिए राजस्व, पुलिस एवं आबकारी विभाग को संयुक्त रूप से सघन अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जिले में अवैध रूप से शराब बेचने, अमानक शराब का विक्रय करने तथा निर्धारित कीमत से अधिक दर पर मदिरा बेचने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने आबकारी विभाग की समीक्षा बैठक में समस्त अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं विकासखंड स्तरीय आबकारी अधिकारियों को निर्देशित किया कि अवैध शराब के परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए मैदानी अमले को सक्रिय किया जाए। विशेष रूप से जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों से अवैध शराब की आवक पर कड़ी निगरानी रखी जाए। इसके लिए राजस्व, पुलिस एवं आबकारी विभाग का मैदानी अमला आपसी समन्वय के साथ सतर्कता बरते और संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई करे।

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि अवैध शराब की बिक्री, परिवहन एवं अमानक शराब के विरुद्ध सभी संबंधित विभाग योजनाबद्ध तरीके से संयुक्त कार्रवाई करें। किसी भी कार्रवाई के दौरान पुलिस, आबकारी एवं राजस्व विभाग का पर्याप्त बल मौके पर मौजूद रहे एवं पूरी कार्यवाही की वीडियोग्राफी हो ताकि प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाए। कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने आबकारी विभाग को निर्देश दिए कि शराब के परिवहन में उपयोग किए जाने वाले वाहनों का रूट चार्ट संबंधित अनुविभागीय अधिकारी पुलिस एवं राजस्व अधिकारियों के साथ साझा किया जाए। इससे परिवहन मार्गों की निगरानी और संदिग्ध वाहनों की प्रभावी मॉनिटरिंग की जा सकेगी।

उन्होंने मदिरा दुकानों में विक्रय के लिए रखी गई शराब की नियमित सैंपलिंग कराने के निर्देश भी दिए, ताकि मदिरा की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके। साथ ही सभी मदिरा दुकानों में कार्यरत कर्मचारियों की सूची पुलिस विभाग को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, जिससे संबंधित कर्मचारियों का अनिवार्य पुलिस सत्यापन कराया जा सके।

बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री दीपक कुमार शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक राजन एवं जिला आबकारी अधिकारी डॉ. राजीव द्विवेदी उपस्थित रहे। इसके अलावा जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस एवं आबकारी विभाग का मैदानी अमला वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.