ऑपरेशन मुस्कान में पिपरिया पुलिस को बड़ी सफलता, अपहृत नाबालिग बालिका दस्तयाब
नर्मदापुरम 10/2/2026 ( छगन कुशवाहा) नर्मदापुरम पिपरिया थाना पिपरिया (मंगलवारा) पुलिस ने प्रदेश में संचालित ऑपरेशन मुस्कान के तहत त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए अपहृत नाबालिग बालिका को सुरक्षित दस्तयाब कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 30 जनवरी 2026 को ग्राम सिरपन निवासी फरियादी ने थाना पिपरिया में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग बालिका को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपहरण कर ले गया है। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना पिपरिया में अपराध क्रमांक 55/2026, धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया था।
पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम श्री साई कृष्ण एस. थोटा के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक राजन के निर्देशन में थाना प्रभारी पिपरिया निरीक्षक गिरीश त्रिपाठी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
टीम ने ऑपरेशन मुस्कान के अंतर्गत कस्बे में लगे सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच की, संभावित स्थानों पर बालिका की फोटो दिखाकर तलाश की गई तथा तकनीकी व गैर-तकनीकी साधनों के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।
विवेचना के दौरान अपहृत बालिका को दस्तयाब कर लिया गया। बालिका के कथनों के आधार पर आरोपी श्रीकांत पिता धनराज किरार, निवासी पुनौर के विरुद्ध धारा 87, 64(2) बीएनएस, पॉक्सो एक्ट एवं एसटी/एससी एक्ट की धाराएं बढ़ाई गईं। बालिका को सकुशल उसके परिजनों को सौंप दिया गया है।
इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक गिरीश त्रिपाठी, सउनि आशीष तिरोल्या, प्रधान आरक्षक रोहित मसिह, प्रधान आरक्षक अरुण सिंह, आरक्षक मनोज सिरसाम, महिला आरक्षक निधि तिनगुनिया एवं महिला आरक्षक रविना धुर्वे की सराहनीय भूमिका रही।



