![]() |
पचमढ़ी में गूंजा ‘हर-हर महादेव’: श्रद्धा, समर्पण और विश्वास के संगम के साथ शुरू हुआ प्रसिद्ध महादेव मेला |
नर्मदापुरम 10/2/2026 ( छगन कुशवाहा) नर्मदापुरम,पिपरिया पचमढ़ी। मध्यप्रदेश के एकमात्र हिल स्टेशन पचमढ़ी की सुरम्य वादियों में शुक्रवार से श्रद्धा, समर्पण और विश्वास का अनुपम संगम देखने को मिला। 6 फरवरी से प्रारंभ हुए प्रसिद्ध महाशिवरात्रि महादेव मेले के पहले ही दिन भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से पूरा क्षेत्र शिवमय हो उठा।
घने जंगलों और पहाड़ियों के बीच स्थित प्राचीन चौरागढ़ मंदिर लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। ऊंची चढ़ाई पार कर श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर मनोकामनाएं मांग रहे हैं। दूर-दराज से आए भक्तों में विशेष उत्साह नजर आ रहा है।
शुद्ध पेयजल के लिए आरओ प्लांट स्थापित
महाशिवरात्रि मेले में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने व्यापक व्यवस्थाएं की हैं। कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना के निर्देश पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग द्वारा चौरागढ़ मंदिर परिसर में आरओ प्लांट स्थापित किया गया है। इस वर्ष पानी के शुद्धिकरण के लिए विशेष फिल्टर प्लांट लगाया गया है।
पीएचई विभाग के अनुसार पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिदिन पानी की टेस्टिंग की जाएगी। पूरी तरह जांच और शुद्धता की पुष्टि के बाद ही पानी को पाइपलाइन के माध्यम से मंदिर परिसर एवं अन्य निर्धारित पेयजल केंद्रों तक सप्लाई किया जाएगा। ऊंचाई पर स्थित चौरागढ़ मंदिर में भी श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।
टैक्सी किराया 50 रुपए तय
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष पचमढ़ी से महादेव तक टैक्सी किराया 50 रुपए निर्धारित किया गया है, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था या मनमानी वसूली न हो। प्रशासन द्वारा स्वास्थ्य, आपदा प्रबंधन, सुरक्षा, साफ-सफाई और आवागमन की समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
पूरे मेला क्षेत्र में अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। पुलिस और होमगार्ड के जवान भी तैनात हैं, जो कानून व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए सतत निगरानी कर रहे हैं।
आस्था के इस महापर्व में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के साथ पचमढ़ी एक बार फिर शिवभक्ति में डूब गया है। आने वाले दिनों में मेले में और अधिक भीड़ उमड़ने की संभावना जताई जा रही है।






