बनखेड़ी में 1.77 करोड़ की मॉडल सड़क 5 साल में बदहाल
गाडरवारा तिराहे से मस्जिद चौराहे तक गड्ढों की भरमार, नोटिस के बाद भी मरम्मत नहींनर्मदापुरम 10/2/2026 ( छगन कुशवाहा) नर्मदापुरम,
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस सड़क को मॉडल के रूप में विकसित किया गया था, वह अब खुद मरम्मत की मोहताज हो गई है। बेमौसम बारिश के बाद स्थिति और भी खराब हो जाती है। गड्ढों में पानी भरने से हादसों का खतरा बढ़ जता है। दोपहिया वाहन चालक खास तौर पर फिसलन और उबड़-खाबड़ मार्ग से परेशान हैं।
पाथवे को बदला गया सीसी सड़क में
जानकारी के अनुसार, पूर्व में यहां पाथवे निर्माण किया गया था, जिसे बाद में सीसी सड़क में परिवर्तित कर दिया गया। निर्माण कार्य के दौरान गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठे थे। अब पांच साल में ही सड़क की परत उखड़ने और गड्ढे बनने से निर्माण की गुणवत्ता पर फिर सवाल खड़े हो रहे हैं।
नोटिस के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
सूत्रों के मुताबिक नगर परिषद द्वारा संबंधित ठेकेदार को सड़क मरम्मत के लिए नोटिस जारी किया जा चुका है। इसके बावजूद अब तक मरम्मत कार्य शुरू नहीं हुआ है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर नोटिस के बाद भी ठेकेदार कार्रवाई क्यों नहीं कर रहा? क्या नगर परिषद सख्त कदम उठाएगी?
नागरिकों में आक्रोश
स्थानीय व्यापारियों और रहवासियों ने जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि मुख्य मार्ग होने के कारण यहां दिनभर ट्रैफिक का दबाव रहता है। खराब सड़क से व्यापार भी प्रभावित हो रहा है।
अब देखना होगा कि नगर परिषद इस मामले में क्या ठोस कदम उठाती है और कब तक बनखेड़ी की यह मॉडल सड़क फिर से दुरुस्त हो पाती है।


