नरवाई की आग बनी आफत: धधकती लपटों में समा गया हरा-भरा विशाल पेड़, सड़क पर गिरा—टला बड़ा हादसा
नर्मदापुरम् पिपरिया 6/4/2026
( छगन कुशवाहा )
पिपरिया | गाडरवाड़ा रोड पर नरवाई जलाने की लापरवाही एक बार फिर भारी पड़ते-पड़ते बची। ग्राम रामपुर के आगे बांसखेड़ा ओवरब्रिज के पहले एक हरा-भरा विशालकाय पेड़ आग की चपेट में आकर अचानक सड़क के बीचोंबीच गिर पड़ा।
घटना के समय सड़क पर आवाजाही जारी थी, लेकिन गनीमत रही कि कोई भी राहगीर या वाहन इसकी चपेट में नहीं आया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आसपास खेतों में जलाई जा रही नरवाई की आग धीरे-धीरे फैलते हुए पेड़ तक पहुंची, जिससे पेड़ कमजोर होकर धराशायी हो गया।
पेड़ गिरने से कुछ समय के लिए सड़क मार्ग बाधित रहा और लोगों में दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से नरवाई जलाने पर सख्ती से रोक लगाने और ऐसे मामलों में कार्रवाई की मांग की है।
यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि नरवाई जलाना सिर्फ खेत तक सीमित नहीं रहता, बल्कि यह पर्यावरण, वनस्पति और आमजन की जान के लिए भी गंभीर खतरा बनता जा रहा है।



