Type Here to Get Search Results !

- मध्यप्रदेश सरकार के लिए जनकल्याण और जन सेवा सर्वोपरि - डॉ. मोहन यादव

 


भोपाल, 03/06/2025। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा एवं केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को पार्टी के संस्थापक सदस्य स्वर्गीय कैलाश नारायण सारंग की जयंती पर सुभाष नगर खेल मैदान में आयोजित मातृ-पितृ भक्ति दिवस के आयोजन में शामिल होकर संबोधित किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने बुजुर्गों के चरण स्पर्श व आरती कर आशीर्वाद प्राप्त किया और नव दंपतियों को बधाई दी। मंच का संचालन स्वर्गीय कैलाश नारायण सारंग के पुत्र व मध्यप्रदेश शासन के मंत्री श्री विश्वास सारंग ने किया। 

सेवा का कार्य ही हमारी सनातन संस्कृति की पहचान है-डॉ. मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार के लिए जन सेवा के कार्य और जनकल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन सर्वोपरि है। यह वर्ष अनेक सेवा प्रकल्पों के कारण जाना जाएगा। जन सेवा और सुशासन की प्रतीक लोकमाता देवी अहिल्या बाई होल्कर के 300वीं जयंती पर भोपाल में हुए कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने संबोधित किया। डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश शासन के मंत्री श्री विश्वास सारंग द्वारा माता-पिता की स्मृति में आयोजित यह आयोजन सराहनीय है। प्रत्येक व्यक्ति के लिए माता-पिता के साथ बिताया समय यादगार होता है। प्रत्येक व्यक्ति का जन्म लेना और मृत्यु को प्राप्त होना तय है। लेकिन जन्म और मृत्यु के मध्य यात्रा कितनी सार्थक रही यह महत्वपूर्ण है। स्वर्गीय कैलाश सारंग जी ने भी जीवन में सेवा कार्यों को अपनाया। हमारी भारतीय संस्कृति में सेवा का विशेष महत्व है और यह सनातन संस्कृति की पहचान भी है। कर्मों के आधार पर जीवन बनता है। मध्यप्रदेश सरकार ने राजा भभूत सिंह के संघर्ष को सम्मान देने के लिए पचमढ़ी में कैबिनेट की बैठक का आयोजन किया है। नई पीढ़ी को ऐसे गौरवशाली व्यक्तित्व के बारे में जानकारी देना आवश्यक है, ताकि युवा पीढ़ी विरासत पर गर्व करे और लोगों के जीवन को बदलने के अभियान में सहभागी बने। भारत में कुटुंब परंपरा है और श्री विश्वास सारंग ने बुजुर्गों की सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय पहल की है। 

स्वर्गीय सारंग जी के कार्यों से प्रेरणा लेकर संगठन और सेवा कार्यों को आगे बढ़ाएंगे कार्यकर्ता- श्री विष्णुदत्त शर्मा

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने मातृ-पितृ भक्ति दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश शासन के मंत्री श्री विश्वास सारंग मातृ-पितृ भक्ति दिवस का आयोजन कर सेवा के भाव को सार्थक कर रहे हैं। मैं मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी की ओर से स्वर्गीय कैलाश नारायण सारंग की जो श्रद्धासुमन अर्पित करता हूं और यह विश्वास दिलाता हूं कि स्वर्गीय कैलाश नारायण सारंग द्वारा पार्टी संगठन, कार्यकर्ताओं और समाज की सेवा के लिए किए गए कार्यों को आगे बढ़ाएंगे। मध्यप्रदेश के पार्टी कार्यकर्ता भी स्वर्गीय सारंग जी से प्रेरणा लेकर संगठन और सेवा के कार्यों को आगे बढ़ाएंगे। मध्यप्रदेश में पार्टी संगठन को गढ़ने और उसे विशाल वट वृक्ष बनाने में स्वर्गीय कैलाश नारायण सारंग की अहम भूमिका है। हम सब पार्टी कार्यकर्ता उनके दिखाए रास्ते पर चलते हुए पार्टी संगठन को और आगे ले जाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय सारंग के बेटे व प्रदेश शासन के मंत्री श्री विश्वास सारंग माता-पिता की स्मृति में बुजुर्गों की सेवा का अभियान चलाकर समाज को दिशा देने का कार्य कर रहे है। माता-पिता और बुजुर्गों की सेवा ही सच्चे अर्थों में भगवत् सेवा है।

स्वर्गीय कैलाश सांरग जी द्वारा किए गए बुजुर्गों के सेवा कार्य को आगे बढ़ाना है- श्री शिवराज सिंह चौहान

केन्द्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि स्वर्गीय कैलाश नारायण सारंग जी, प्रदेश शासन के मंत्री श्री विश्वास सारंग के पिता ही नहीं थे, हम जैसे हजारों कार्यकर्ताओं के पालक, मार्गदर्शक रहे हैं। मैं तो उन्हें चाचाजी जी कहता था। स्वर्गीय सारंग ने पार्टी संगठन को गढ़ने में बड़ी तपस्या की है। स्वर्गीय सारंग जी स्वयं नर्मदा के किनारे बरेली में वर्षों तक वृद्धाश्रम का संचालन कर बुजुर्गों की सेवा करते रहे हैं। आज उनके बेटे व प्रदेश शासन के मंत्री श्री विश्वास सारंग ने माता-पिता की स्मृति में बुजुर्गों की सेवा का जो महाअभियान हाथ में लिया है उसके लिए मैं उन्हें धन्यवाद देता हूं। लेकिन मैं सबसे अपील करता हूं कि मृत्यु के बाद नहीं, जिंदा रहते हुए भी हम सभी को अपने-अपने माता-पिता और बुजुर्गों की सेवा करनी चाहिए। स्वर्गीय कैलाश सारंग जी द्वारा बुजुर्गों के सेवा के कार्य को हम सभी को आगे बढ़ाना है। जनसंघ फिर भाजपा के स्थापना से लेकर पार्टी के इतने विशाल स्तर तक पहुंचाने में स्वर्गीय कैलाश नारायण सारंग जी का अतुलनीय योगदान है। उनके त्याग व तपस्या से ही पार्टी संगठन आज इतना विशाल बन सका है। उनके साथ हमारी हजारों स्मृतियां जुड़ी हैं। मातृ-पितृ भक्ति का कार्यक्रम अपने आप में एक अनुपम और अनोखा अनूठा अद्भुत उदाहरण है।

इस दौरान भाजपा केन्द्रीय संसदीय बोर्ड के सदस्य डॉ. सत्यनारायण जटिया, गुफा मंदिर के महंत श्री रामप्रवेश दास जी महाराज, करूणाधाम आश्रम के पीठाधीश्वर श्री सुदेश शांडिल्य जी महाराज, सांसद श्री आलोक शर्मा, महापौर श्रीमती मालती राय, निगम के अध्यक्ष श्री किशन सूर्यवंशी सहित वरिष्ठजन उपस्थित रहे। 

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.