भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति योजना के लिए 30 सितंबर तक पंजीयन
14 विद्याओं, 64 कलाओं और भारतीय ज्ञान परंपरा पर आधारित प्रतियोगिता में विद्यार्थियों को मिलेगा अवसर
नर्मदापुरम/13,अगस्त,2026/ श्रीकृष्ण पाथेय न्यास, भोपाल द्वारा मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग के सहयोग से भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए विशेष प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। यह प्रतियोगिता महर्षि सांदीपनि के आश्रम में भगवान श्रीकृष्ण द्वारा अर्जित 14 विद्याओं एवं 64 कलाओं तथा भारतीय ज्ञान परंपरा पर केंद्रित है। योजना के अंतर्गत प्रतियोगिता में चयनित 102 विद्यार्थियों को ₹1 लाख की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश के कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थी, महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय के विद्यार्थी तथा पॉलिटेक्निक और आईटीआई में अध्ययनरत विद्यार्थी भाग ले सकते हैं।प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय ज्ञान परंपरा, संस्कृति, शिक्षा, कला एवं भगवान श्रीकृष्ण के जीवन-दर्शन से परिचित कराते हुए उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करना है। 11 अगस्त 2026 से शुरू हुए पंजीयन की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। प्रतियोगिता से संबंधित अधिक जानकारी के लिए इच्छुक विद्यार्थी योजना की आधिकारिक वेबसाइट https://shrikrishnapatheynyas.com पर जाकर ऑनलाइन पंजीयन कर सकते हैं।