Type Here to Get Search Results !

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान: कलेक्टर, एसपी ने किया पीएम श्री विद्यालय माखननगर का निरीक्षण बच्चों के साथ बैठक किया प्रेरित

 मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान: कलेक्टर, एसपी ने किया पीएम श्री विद्यालय माखननगर का निरीक्षण

कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने बच्चों के बीच बच्चों के साथ बैठक कर किया प्रेरक संवाद

विद्यार्थियों को नियमित रिवीजन, ग्रुप स्टडी और प्रैक्टिस के लिए किया प्रेरित



नर्मदापुरम/21,अगस्‍त,2026/ मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक श्री साई कृष्ण एस. थोटा एवं जिला पंचायत सीईओ श्री हिमांशु जैन ने पीएम श्री कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय माखननगर पहुंचकर छात्राओं से संवाद किया। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को पढ़ाई में बेहतर प्रदर्शन, परीक्षा की तैयारी और अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।

कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने उपस्थित शिक्षकों को निर्देशित किया कि विद्यार्थियों द्वारा सप्ताहभर में की गई पढ़ाई का नियमित रूप से रिवीजन कराया जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों के कांसेप्ट स्पष्ट करने पर विशेष ध्यान दें, ताकि परीक्षा के समय विद्यार्थियों पर अतिरिक्त दबाव न पड़े। उन्होंने शिक्षकों से कहा कि वे नियमित रूप से बच्चों के साथ बैठकर उनकी समस्याओं को सुनें और उनका समाधान सुनिश्चित करें।

डेस्क पर बैठकर विद्यार्थियों से किया संवाद

कलेक्टर श्री मिश्रा ने विद्यार्थियों के बीच डेस्क पर बैठकर उनसे सहज संवाद किया और उनकी पढ़ाई से संबंधित जानकारी ली। उन्होंने कक्षा 11वीं की छात्राओं से कोशिका विज्ञान सहित विज्ञान विषय से जुड़े प्रश्न पूछे। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रश्नों के उत्तर दिए। कलेक्टर ने पुरुस्कार स्वरूप सभी विद्यार्थियों को चॉकलेट और किताबें भी वितरित की।

कलेक्टर ने विद्यार्थियों से कहा कि पढ़ाई के बाद नियमित अंतराल पर रिवीजन और प्रैक्टिस करना जरूरी है। उन्होंने बच्चों को पढ़ाई को रोचक बनाने के लिए ग्रुप में अध्ययन करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि समूह में पढ़ाई करने से एक-दूसरे के डाउट क्लियर करने में मदद मिलती है और विद्यार्थियों को नई-नई चीजें सीखने का अवसर भी मिलता है।

डेस्क पर बैठकर विद्यार्थियों से किया संवाद

पुलिस अधीक्षक श्री साई कृष्ण एस. थोटा ने भी विद्यार्थियों से जीव विज्ञान एवं रसायन विज्ञान से संबंधित विषयों पर संवाद किया। उन्होंने न्यूटन के नियम, आवर्त सारणी सहित अन्य विषयों से जुड़े प्रश्न पूछकर विद्यार्थियों के ज्ञान एवं समझ को परखा। विद्यार्थियों ने एक साथ मिलकर उत्साहपूर्वक प्रश्नों के जवाब दिए। अपने बीच कलेक्टर एवं एसपी को देखकर विद्यार्थी भी काफी उत्साहित और प्रसन्न नजर आए तथा उन्होंने संवाद में बढ़-चढ़कर सहभागिता की।

इस दौरान अधिकारियों ने विद्यालय की साइंस लैब का निरीक्षण किया तथा वहां स्थापित 3डी प्रिंटर का डेमो लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को उनकी कक्षा एवं विषय के अनुरूप प्रयोगशाला में प्रायोगिक प्रशिक्षण दिया जाए, ताकि वे विज्ञान के विषयों को केवल पुस्तकों तक सीमित न रखते हुए प्रयोगों के माध्यम से बेहतर ढंग से समझ सकें। जिला पंचायत सीईओ श्री हिमांशु जैन ने विद्यार्थियों को हिरण्यगर्भा अभियान के संबंध में जानकारी दी और अभियान के उद्देश्यों से अवगत कराया।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे नियमित अध्ययन, रिवीजन एवं प्रैक्टिस के माध्यम से बेहतरीन तैयारी करें और उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम प्राप्त करें। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि मेहनत और लगन के साथ तैयारी करें तथा प्रदेश स्तर की प्रवीण्य सूची में अपना नाम दर्ज कराने का लक्ष्य रखें।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.