Type Here to Get Search Results !

नर्मदे हर से प्रारंभ हुई संस्कार कावड़ यात्रा का हर हर महादेव के जय घोष के साथ काले महादेव को जल अर्पित कर हुआ समापन

नर्मदे हर से प्रारंभ हुई संस्कार कावड़ यात्रा का हर हर महादेव के जय घोष के साथ काले महादेव को जल अर्पित कर  हुआ समापन

हजारों कांवड़ियों ने दिया जल एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश

विवेकानंद घाट से काले महादेव मंदिर तक निकली भव्य नमामि देवी नर्मदे संस्कार कांवड़ यात्रा

पर्यावरण संरक्षण के लिए कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने भी उठाई कांवड़


नर्मदापुरम/22,अगस्‍त,2026/ पर्यावरण संरक्षण एवं नर्मदा तट क्षेत्र के संरक्षण के उद्देश्य से शनिवार को नर्मदापुरम के विवेकानंद घाट से भव्य नमामि देवी नर्मदे संस्कार कांवड़ यात्रा निकाली गई। हजारों कांवड़ियों की सहभागिता वाली इस यात्रा में धार्मिक आस्था के साथ जल एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया।

 यात्रा का विशेष आकर्षण प्रत्येक कांवड़ में एक ओर नर्मदा जल का लोटा और दूसरी ओर पौधा रखा जाना रहा। कांवड़ियों ने पौधारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेकर यात्रा में सहभागिता की।

यात्रा में दादा गुरु महाराज, मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री मोहन नागर, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं नर्मदापुरम विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा, लोकसभा सांसद श्री दर्शन सिंह चौधरी, राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नरोलिया, विधायक श्री विजयपाल सिंह, मध्यप्रदेश तैराकी संघ के अध्यक्ष श्री पीयूष शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती नीतू यादव, श्रीमती प्रीति शुक्ला, कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

मां नर्मदा और वृक्ष हमारे जीवन का प्रत्यक्ष आधार : दादा गुरु महाराज

इस अवसर पर दादा गुरु महाराज ने नमामि देवी नर्मदे संस्कार कांवड़ यात्रा को प्राकृतिक संरक्षण की दृष्टि से सकारात्मक पहल बताया। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में वृक्षों को देवतुल्य स्थान दिया गया है। वृक्ष हमारे जीवन का प्रत्यक्ष आधार हैं। इसी सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक महत्व को आत्मसात करते हुए कांवड़ में एक ओर जल और दूसरी ओर पौधा रखकर यात्रा की जा रही है।

उन्होंने कहा कि यात्रा के माध्यम से जल एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है। मोक्षदायिनी मां नर्मदा के तट पर निवास करने वाले प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि मां नर्मदा को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखें और नर्मदा तट के प्राकृतिक पारिस्थितिक तंत्र को मजबूत करने के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण करें।

धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण का संकल्प है यात्रा: प्रदेश उपाध्यक्ष मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद श्री मोहन नागर

मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री मोहन नागर ने कहा कि नमामि देवी नर्मदे संस्कार कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं है, बल्कि भारतीय परंपरा में प्रकृति को दिए गए देवतुल्य स्थान और उसके संरक्षण का संदेश देने वाली पहल है। उन्होंने कहा कि यात्रा में शामिल श्रद्धालु भगवान शिव को जल अर्पित करने के साथ-साथ प्राकृतिक संतुलन के लिए महत्वपूर्ण वृक्षों के रोपण का संकल्प लेकर आगे बढ़ रहे हैं। इस प्रकार यह यात्रा धार्मिक आस्था और प्रकृति संरक्षण के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु का कार्य कर रही है।

पर्यावरण संरक्षण के लिए कलेक्टर ने भी उठाई कांवड़

पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से आयोजित इस यात्रा के दौरान नर्मदापुरम कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने भी यात्रा में नर्मदा जल एवं पौधे को लिए हुए कावड़ उठाकर यात्रा की। इस दौरान कलेक्टर श्री मिश्रा ने पूरी यात्रा में पैदल भ्रमण कर यात्रा के समापन स्थल श्री काले महादेव मंदिर पहुंचे जहां पर विधिवत भगवान श्री भोलेनाथ की पूजन अर्चन कर कावड़ यात्रा का समापन किया गया।

5000 पौधों के रोपण की योजना

यात्रा के दौरान प्रत्येक कांवड़ में एक लोटा नर्मदा जल एवं एक पौधा रखा गया। इस पहल के माध्यम से जल संरक्षण, नर्मदा संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत 5000 पौधों के रोपण की योजना को भी क्रियान्वित किया गया। यात्रा मार्ग में विभिन्न स्थानों पर सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों द्वारा कांवड़ यात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया।

विवेकानंद घाट से काले महादेव मंदिर तक पहुंची यात्रा

नमामि देवी नर्मदे संस्कार कांवड़ यात्रा विवेकानंद घाट से प्रारंभ होकर नेहरू पार्क, सत रास्ता, अमर चौक, जय स्तंभ चौक, हलवाई चौक, सराफा एवं सेठानी घाट होते हुए काले महादेव मंदिर पहुंची। काले महादेव मंदिर में यात्रा का समापन हुआ। इस दौरान मार्गभर श्रद्धालुओं में उत्साह और उमंग का वातावरण रहा तथा जल एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश गूंजता रहा।

 

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.