Type Here to Get Search Results !

भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री श्री शिवप्रकाश जी, प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह एवं प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी ने बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300 वीं जयंती पर प्रदेश भर में होने वाले कार्यक्रम को लेकर प्रदेश स्तरीय कार्यशाला को संबोधित किया

 

भोपाल दिनांक 14/05/2025(दयाराम कुशवाहा भोपाल,)  

भोपाल, 14/05/2025। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री श्री शिवप्रकाश जी, प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह एवं प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी ने बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में महापुरूषों को माल्यार्पण तथा रानी अहिल्याबाई होल्कर के सामाजिक योगदान पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन कर रानी अहिल्याबाई होल्कर की 300 वीं जयंती के अवसर पर चलाए जाने वाले 10 दिवसीय अभियान के संबंध में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यशाला को संबोधित किया। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री श्री शिवप्रकाश जी ने कहा कि आने वाले अभियान के दौरान हमें रानी अहिल्याबाई के कामों को स्थानीय उदाहरणों के माध्यम से जनता तक पहुंचाना है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि रानी अहिल्याबाई द्वारा स्थापित आदर्शों, उनके विचारों, उनके जनहितैषी कामों को इस अभियान के दौरान जन-जन तक पहुंचाना है। पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि देवी अहिल्याबाई होल्कर के सपनों को पूरा करने का काम प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी कर रहे हैं। प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की केंद्र व राज्य सरकारें रानी अहिल्याबाई के विचारों को जमीन पर उतार रही हैं। प्रदेश शासन की पूर्व मंत्री व विधायक श्रीमती अर्चना चिटनीस ने कहा कि देवी अहिल्याबाई ने जीवन पर्यन्त साधना और संघर्ष कर महिला, समाज, देश, संस्कृति और धर्म के सशक्तिकरण के लिए कार्य किया।

उदाहरणों के माध्यम से रानी अहिल्याबाई के कामों को जनता तक पहुंचाएं- श्री शिवप्रकाश जी 

भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री श्री शिवप्रकाश जी ने कहा कि रानी अहिल्याबाई ने सेना के आवागमन से होने वाले फसलों के नुकसान के लिए मुआवजे का प्रावधान किया। उन्होंने महिलाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए महेश्वर साड़ी उद्योग स्थापित किया। इस साड़ी को प्रमोट करने के लिए वे हर विदेशी अतिथि को यही साड़ी उपहार में देती थीं और स्वयं भी यही पहनती थीं। उनका जीवन त्यागपूर्ण था और अपने राज्य को भगवान शिव का राज्य मानकर धर्मनिष्ठ शासन करती थीं। उन्होंने जनजातीय समाज के उत्थान के लिए अनेक कदम उठाए। हमें इस अभियान के दौरान उनके कामों के स्थानीय उदाहरण खोजकर जनता के सामने रखना है। उन्होंने कहा कि आज के युवाओं को हमारे धर्म और संस्कृति की पर्याप्त जानकारी नहीं है। रानी अहिल्याबाई की 300 वीं जयंती के अवसर पर चलाए जाने वाले अभियान के दौरान हमें उन पर फोकस करना है और रानी अहिल्याबाई के उदाहरणों के माध्यम से युवाओं, युवतियों, महिलाओं, बुद्धिजीवियों तथा समाज के अन्य वर्गों को यह जानकारी देना है।   

महाराज विक्रमादित्य, सम्राट हर्षवर्धन की श्रृंखला की कड़ी थीं रानी अहिल्याबाई 

भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री श्री शिवप्रकाश जी ने कहा कि महाराज विक्रमादित्य और सम्राट हर्षवर्धन के शासनकाल में जिस तरह से सांस्कृतिक उत्थान का काम हुआ, वैसा ही काम रानी अहिल्याबाई ने भी किया। आज वही काम प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी भी कर रहे हैं। इस अभियान के दौरान हमें इनके कामों को उदाहरणपूर्वक एक-दूसरे से जोड़ते हुए जनता के सामने रखना है। भारत के बारे में यह भ्रम फैलाया जाता है कि यहां महिलाओं को वेद पढ़ने की अनुमति नहीं थी, शिक्षा नहीं दी जाती थी, पर्दे में रहना पड़ता था। लेकिन ये देश भूल जाते हैं कि पश्चिमी देशों में जब महिलाओं से घृणा की जाती थी, तब भारत में रानी अहिल्याबाई के रूप में एक महिला शासन संभाल रहीं थीं। उन्होंने कहा कि लैंगिक समानता का ढिंढोरा पीटने वाले पश्चिमी देशों में तो महिलाओं को वोट देने का अधिकार भी आंदोलन के बाद मिला। न्यूजीलैंड में 1893, इटली में 1945, कनाडा में 1917, जर्मनी में 1918, इंग्लैंड में 1918 में सिर्फ 30 महिलाओं को मतदान का अधिकार मिला। इसी तरह आस्ट्रिया व नीदरलैंड में 1919 तथा अमेरिका में 1920 में मतदान का अधिकार मिला। लेकिन भारतवर्ष में इसके लिए महिलाओं को कोई संघर्ष नहीं करना पड़ा, हमारे संविधान में ही इसका प्रावधान है। श्री शिवप्रकाश जी ने कहा कि पश्चिमी देशों में तो महिलाओं को बराबरी के अधिकारों के लिए संघर्ष करना पड़ा, लेकिन भारतवर्ष में महिलाओं के लिए यह संघर्ष भी पुरुषों ने ही किया। चाहे सती प्रथा का अंत हो या महिला शिक्षा का विषय, राजा राममोहन राय से लेकर महात्मा फुले जैसे समाज सुधारकों ने इसके लिए संघर्ष किया। 

लोकमाता रानी अहिल्याबाई के आदर्शों को जमीन पर उतारना है-श्री विष्णुदत्त शर्मा 

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि लोकमाता रानी अहिल्याबाई की 300 वीं जन्मजयंती के अवसर पर चलाए जा रहे इस अभियान के दौरान हमें उनके आदर्शों, उनके कामों, उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाना है। कठिन परिस्थितियों के बीच सुशासन कैसे चलाया जा सकता है, इसका उदाहरण उन्होंने प्रस्तुत किया। उन्होंने पूरे समर्पण के साथ जनता की सेवा की और वे किसी से डरती नहीं थी। उनका व्यक्तित्व, मन और हृदय विशाल था। उन्होंने 300 साल पहले औद्योगीकरण और रोजगार के बारे में सोचा। सैनिकों और उनके परिवारों की भलाई के लिए कदम उठाए। उन्होंने अपने शासन में समावेशी सिद्धांत को पोषित किया, इसलिए उनके शासन में हर व्यक्ति को अहसास रहता था कि महारानी उसकी चिंता करती हैं। उन्होंने अपने निर्णयों से यह साबित किया कि कानून के सामने सब बराबर हैं। उन्होंने अपनी नीतियों में मानव अधिकारों का संरक्षण किया और हर व्यक्ति को न्याय मिल सके, इसके लिए न्यायालय स्थापित करने तथा न्यायाधीशों के प्रशिक्षण पर जोर दिया। न्यायालयों की मानीटरिंग की व्यवस्था की और वे नियमित समीक्षा भी करती थीं। उन्होंने खाद्य सुरक्षा नीति बनाई और यह स्थापित किया कि जहां धर्म है, वहीं न्याय है। शासन और धर्म अलग नहीं है। उन्होंने अपने कामों से इतिहास में एक आदर्श स्थापित किया। अभियान के दौरान हम सभी कार्यकर्ताओं को उनके आदर्शों को जनता तक पहुंचाना है। 

रानी अहिल्याबाई के सुशासन को अपना रही भाजपा की सरकारें 

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि रानी अहिल्याबाई ने सुशासन के क्षेत्र में जो मापदंड स्थापित किए, प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली भाजपा की सरकारें उन्हें अपना रही हैं। उन्होंने 300 साल पहले जिस वूमन लैड डेवलपमेंट की बात की थी, वहीं सोच प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी भी रखते हैं। रानी अहिल्याबाई के शासन में जनता की पसंद और नापसंद योजनाओं में दिखाई देती थी। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी भी ‘मन की बात’ कार्यक्रम में जिन बिंदुओं को शामिल करते हैं, वो वास्तव में जनता की ही बातें होती हैं। उन्होंने गांवों को सुशासन का अंग मानते हुए पंचायतों को न्याय के अधिकार दिये। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी भी पंचायतों को अधिकार संपन्न बना रहे हैं। रानी अहिल्याबाई ने अपने शासन में पारदर्शिता के लिए अनेक कदम उठाए। उन्होंने स्वयं की संपत्ति से खासगी ट्रस्ट बनाया। प्रधानमंत्री श्री मोदी जी ने भी ऐसा पारदर्शी सिस्टम बनाया है कि आज जनता के लिए भेजे गए एक रुपये में से पूरे पैसे जनता के पास पहुंचते हैं1 प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने भी रानी अहिल्याबाई की तरह व्यवस्था को जनता के लिए सरल बनाया है।

अहिल्याबाई होल्कर के समाज में दिए गए योगदान को जन-जन तक पहुंचाएगी भाजपा

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि देवी अहिल्याबाई होल्कर द्वारा समाज में दिए गए योगदान को भाजपा जन-जन तक पहुंचाएगी। देवी होल्कर की 300वीं जयंती को लेकर 21 मई से 31 मई तक जिलों में अभियान चलाकर जयंती के कार्यक्रम होंगे। 31 मई को उनकी जयंती के दिन इंदौर में अभियान का समापन होगा। भाजपा मध्यप्रदेश देवी अहिल्याबाई होल्कर की शासन व्यवस्था कैसे आज देश और प्रदेश में स्थापित है, उसे लेकर भाजपा जन-जन तक पहुंचेगी। प्रदेश भर के जिलों में कार्यकर्ता देवी अहिल्याबाई होल्कर के व्यक्तित्व और शासन व्यवस्था, सुशासन, महिला सशक्तिकरण सहित 300 वर्ष पूर्व जो उल्लेखनीय कार्य को जनता के बीच रखेंगे। देवी होल्कर के समाज, महिला, संस्कृति, देश और धर्म को लेकर जो कार्य किए हैं, उन सभी विषयों पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस दौरान देवी अहिल्याबाई होल्कर द्वारा महिला सशक्तिकरण को लेकर किए गए कार्यों को बताने निर्वाचित महिला जनप्रतिनिधियों के साथ कार्यक्रम आयोजित होंगे। उनसे जुड़ी हुई विरासत को नाट्य प्रस्तुतियां, प्रदर्शनियों व अन्य कार्यक्रमों के जरिए जनता तक पहुंचाया जाएगा। विधवा विवाह प्रथा देवी अहिल्याबाई होल्कर ने अपने शासनकाल में शुरू की थी। उस समय होल्कर की सेना में लगे सैनिकों की विधवाओं को रोजगार के लिए महेश्वर साड़ी जैसे रोजगार की व्यवस्था की थी। आज प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार और प्रदेश में हमारी सरकारें उसी तरह महिलाओं के स्वरोजगार के लिए कई अभियान चला रही हैं।

प्रधानमंत्री जी ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ का निर्माण कर रहे-डॉ. महेंद्र सिंह

भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि देवी अहिल्याबाई होल्कर के सपनों को पूरा करने का काम प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी कर रहे हैं। देवी अहिल्याबाई ने इंदौर से पूरे देश का उत्थान कर चारों धामों, सप्तपुरी, अयोध्या का राम मंदिर, रामेश्वरम, काशी विश्वनाथ सहित देशभर में तीन हजार से ज्यादा मंदिरों का जीर्णोंद्धार का काम कर भारत को सजाने का काम किया था। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में चारों धामों को जोड़ने, बौद्ध और जैन सर्किट सहित सात हजार से ज्यादा मंदिरों का निर्माण और जीर्णोंद्धार का कार्य किया जा रहा है। देवी अहिल्याबाई होल्कर ने कुओं और बावड़ियों का निर्माण किया था। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने जल-जीवन मिशन के तहत हर घर में नल-जल योजना के तहत पानी पहुंचाने का काम किया है। देवी अहिल्याबाई होल्कर ने काशी में मणिकर्णिका घाट सहित बड़ी संख्या में घाटों का निर्माण किया। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी भी देशभर में मार्गों और घाटों का निर्माण करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि देवी अहिल्याबाई होल्कर ने गरीबों के भोजन के लिए अन्न क्षेत्रों की व्यवस्था की। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने 80 करोड़ लोगों के लिए राशन की व्यवस्था की है। देवी अहिल्याबाई होल्कर के लिए ‘धर्म ही राजधर्म और प्रजा की सेवा ही पूजा’ थी। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी भी देश की 140 करोड़ की जनता की सेवा को पूजा मानते हैं। देवी अहिल्याबाई होल्कर ने ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ का जो सपना 18वीं सदी में देखा था, उसे आज प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी पूरा कर रहे हैं। देवी अहिल्याबाई होल्कर को आज हम 21वीं सदी में याद कर उनके बताए गए मार्गों पर चलने का प्रयास कर रहे हैं यह इस बात का प्रमाण है कि उन्होंने जो कुछ किया वो अद्भुत और अकल्पनीय था। हमें उनके कार्यों को जनता तक पहुंचाकर उनके कार्यों से अवगत कराना है। 

हमारी सरकारें देवी अहिल्याबाई के विचारों को जमीन पर उतार रही है-श्री हितानंद जी 

भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी ने कहा कि लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती 31 मई को प्रदेश भर में मनाई जाएगी, यह कार्यक्रम 10 दिवसीय होगा। देवी अहिल्याबाई का जन्म महाराष्ट्र में हुआ, लेकिन हम सभी सौभाग्यशाली हैं कि उनका संपूर्ण जीवन मध्यप्रदेश में बीता। उन्होंने इंदौर व महेश्वर में शासन करते हुए राजमाता से लोकमाता बनकर पूरे देश के विभिन्न घाटों एवं ज्योतिर्लिंगों पर सांस्कृतिक गौरव यात्रा आगे बढ़ाया। देवी अहिल्याबाई का जो विचार था, उस विचार को भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली सरकारें जमीन पर उतारने का काम कर रहीं हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार सामाजिक सुधार के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि हमें देवी अहिल्याबाई होल्कर के सुशासन की विरासत, प्रेरणादायी जीवन एवं सांस्कृतिक उत्थान के कार्यों का जन-जन तक प्रचार करना है। भाजपा सरकारों के समावेशी सुशासन, महिला सशक्तिकरण, लोककल्याण के कार्यों एवं पिछड़ा वर्ग अनुसूचित जाति व जनजाति के कल्याण की उपलब्धियों की जानकारी देना है। आगामी 16 से 18 मई तक जिलों के कार्यक्रमों की योजना तैयार की जाएगी। भाजपा 21 से 31 मई तक प्रदेश के विश्वविद्यालयों व महाविद्यालयों में विभिन्न कार्यक्रम व प्रतियोगिताएं आयोजित करेंगी। श्री हितानंद जी ने कहा कि प्रदेश के नगरीय एवं ग्रामीण निकायों में, महिलाओं के गैर सरकारी संगठनों में कार्यक्रमों का आयोजन, साहित्य का वितरण किया जाएगा। देवी अहिल्याबाई की प्रतिमाओं एवं चित्रों पर माल्यार्पण कर शोभा यात्राएं निकालना, पत्रकारों व बुद्धिजीवियों के साथ कार्यक्रम की रचना, सेवा, सम्मान व भक्ति को प्रदर्शित करने वाले पारंपरिक प्रदर्शन, महिला जनप्रतिनिधियों का सम्मेलन एवं भाजपा सरकार द्वारा महिला आरक्षण के प्रावधान एवं सरकार की महिला हितैषी योजनाओं को शामिल किया जाएगा। युवाओं के लिए शैक्षणिक संस्थानों में सेमिनार व पारस्परिक संवाद कर विरासत, सामाजिक सुधार व राष्ट्र निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका व सात्विकता से अवगत कराया जाएगा।

उनका स्मरण हमें स्वप्नदृष्टा नहीं, संकल्प दृष्टा बनाएगा - श्रीमती अर्चना चिटनीस 

प्रदेश शासन की पूर्व मंत्री व विधायक श्रीमती अर्चना चिटनीस ने कहा कि देवी अहिल्याबाई होल्कर जी ने जीवन पर्यन्त साधना और संघर्ष कर महिला, समाज, देश, सस्कृति और धर्म के शसक्तिकरण के लिए कार्य किया। उन्होंने अपने पूरे जीवन में सम्पूर्ण उत्तरदायित्व का निर्वहन बखूबी किया है। हम भाजपा के कार्यकर्ता हैं, हमारा मुख्य उदेश्य जनता की सेवा करना है। इसलिए उनका स्मरण हमें स्वप्नदृष्टा नहीं, बल्कि संकल्पदृष्टा बनाएगा। भारतीय जनता पार्टी उनकी जयंती पर पूरे देश में अभियान चलाकर उनके व्यकित्व और कृतित्व को जन-जन तक पहुचाने का कार्य कर रही है, यह गौरव की बात है। 

मंच का संचालन श्रीमती अश्विनी परांजपे ने किया एवं आभार प्रदर्शन महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्रीमती माया नारोलिया ने किया। इस दौरान मंच पर पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री पंकज जोशी, प्रदेश प्रवक्ता व सांसद श्री सुमेर सिंह सोलंकी एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्रीमती प्रज्ञा त्रिपाठी मंचासीन रहीं।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.