नर्मदापुरम 18/10/2025 (छगन कुशवाहा पिपरिया) नर्मदापुरम् पिपरिया, धनत्रयोदशी पर्व पर नगर का बाजार सनातन संस्कृति और स्वदेशी भावना से सराबोर नजर आया। लोकल फार वोकल के संदेश को आत्मसात करते हुए नगरवासियों ने देसी मिट्टी से निर्मित दीपक, डुबली, माता लक्ष्मी और भगवान गणेश की मूर्तियां, हाथों से बनी छिंदा वाली झाड़ू, रंगोली सामग्री और पारंपरिक पूजा-सामग्री की खरीदारी की।
सांडिया रोड, बर्तन बाजार, ओवरब्रिज रोड, लाई बतेशा बाजार और स्टेशन रोड पर त्योहारी रौनक देखते ही बनी। बाजार में श्रद्धा और उल्लास का वातावरण छाया रहा।
इस अवसर पर लोगों ने इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों जैसे टीवी, मोबाइल, लैपटॉप, वॉशिंग मशीन की भी कुछ छुटपुट खरीदारी की, परंतु मध्यम और गरीब वर्ग के लोगों ने मुख्य रूप से पूजा-पाठ और दैनिक उपयोग की वस्तुएं लेकर संतोष और श्रद्धा का भाव प्रदर्शित किया।



