![]() |
| श्रीराम यज्ञ शाला का भूमि पूजन |
जनप्रतिनिधियों, संतों और सैकड़ों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में हुआ,भूमिपूजन शुभारंभ
नर्मदापुरम 27/11/2025 (छगन कुशवाहा पिपरिया) नर्मदापुरम् पिपरिया,श्री राम चरित मानस यज्ञ समिति, पिपरिया द्वारा आयोजित श्री राम यज्ञ मानस सम्मेलन की तैयारियाँ गुरुवार को विधिवत भूमि पूजन के साथ शुरू हो गईं। तुलसी नगर गल्ला बाजार स्थित स्थल पर 27 नवंबर 2025, प्रातः 10:30 बजे आचार्यों के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यज्ञशाला निर्माण हेतु पूजन-विधि संपन्न कराई गई।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। विधायक ठाकुरदास नागवंशी, पूर्व विधायक हरिशंकर जायसवाल, अर्जुन पलिया सहित विभिन्न दलों के जनप्रतिनिधि, समाजसेवी संगठन, नगर व्यापारी संघ, ग्रेन मर्चेंट एसोसिएशन और शहर के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे। धार्मिक माहौल में भूमि पूजन स्थल पर श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।
समिति अध्यक्ष श्याम सुंदर सोनी ने बताया कि भूमि पूजन के साथ ही यज्ञशाला निर्माण का कार्य प्रारंभ किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि संतों व प्रवचनकर्ताओं का आगमन भी तय हो चुका है। वाराणसी के यज्ञाचार्य राजेंद्र कुमार मिश्रा पूरे यज्ञ अनुष्ठान को संपन्न कराएंगे। यह विशाल धार्मिक आयोजन हर तीन वर्ष में आयोजित किया जाता है, जिसकी पूरे क्षेत्र में विशेष प्रतीक्षा रहती है।
मानस सम्मेलन में देशभर के संत करेंगे प्रवचन
आगामी 22 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक होने वाले मानस सम्मेलन में देश के कई प्रमुख संत और प्रवचनकर्ता अपनी वाणी से भक्तों को विभोर करेंगे। इनमें—
विंध्यपीठाधीश्वर जगतगुरु रामानुजाचार्य स्वामी लक्ष्मणाचार्य महाराज (मिर्जापुर, उत्तर प्रदेश)
1008 ब्रह्मचारी महाराज (बापौली धाम, मांगरोल, मध्य प्रदेश)
युवा संत पंडित शिवम शुक्ल ‘मानस चंचरीक’ (प्रयागराज)
पंडित सुरेश शरण महाराज ‘रामकथा पुंज’ (हिंगनघाट, महाराष्ट्र)
सुश्री शांति श्रियाजी (अयोध्या, उत्तर प्रदेश)
शामिल रहेंगे और अपने दिव्य प्रवचनों से श्रद्धालुओं को धर्म, भक्ति और जीवन मूल्यों का संदेश देंगे।
तुलसी नगर में भूमि पूजन के साथ ही शहर में धार्मिक उल्लास का माहौल बन गया है। व्यापारी, सामाजिक संस्थाएं और नगरवासी उत्साहपूर्वक इस भव्य आयोजन की तैयारियों में जुट गए हैं। आयोजन समिति का दावा है कि यह मानस सम्मेलन पिपरिया के धार्मिक इतिहास में एक और यादगार अध्याय जोड़ देगा।

