खरीफ 2026 हेतु खाद उपलब्धता एवं भंडारण की समीक्षा बैठक आयोजित
कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने उर्वरक उपलब्धता, भंडारण एवं वितरण की दैनिक समीक्षा के दिए निर्देश
नर्मदापुरम/29,मई,2026/ शुक्रवा
बैठक में कलेक्टर श्री मिश्रा द्वारा जिले में खाद की उपलब्धता एवं भंडारण की विस्तृत समीक्षा की गई। उपसंचालक कृषि द्वारा जानकारी दी गई कि वर्तमान में जिले में कुल 48 हजार 219 मे.टन उर्वरक उपलब्ध है, जिसमें यूरिया 21 हजार 568 मे.टन, टी.एस.पी. 4 हजार 50 मे.टन, एन.पी.के. 7 हजार 540 मे.टन, एस.एस.पी. 14 हजार 537 मे.टन तथा एम.ओ.पी. 524 मे.टन शामिल है।
जिला विपणन अधिकारी ने बताया कि जिले के 6 डबल लॉक केंद्रों पर 10 हजार मे.टन यूरिया एवं 7 हजार मे.टन फास्फेटिक उर्वरक उपलब्ध है। वहीं उपायुक्त सहकारिता द्वारा जानकारी दी गई कि जिले की कुल 99 समितियों में से 94 समितियों में 7 हजार 800 मे.टन यूरिया का भंडारण किया गया है तथा 27 समितियों में 142 मे.टन फास्फेटिक उर्वरक उपलब्ध कराया गया है। साथ ही 1000 मे.टन टी.एस.पी. का भंडारण समितियों में जारी है। आगामी सप्ताह में 16:20:0:13 एन.पी.के. की रैक जिले में पहुंचने वाली है, जिसे समितियों के माध्यम से किसानों को वितरित किया जाएगा।
बैठक में कलेक्टर श्री मिश्रा ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत को उर्वरक उपलब्धता, भंडारण एवं वितरण की दैनिक समीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने उपायुक्त सहकारिता को निर्देशित किया कि सभी समितियों के सदस्य किसानों से संपर्क स्थापित कर ई-टोकन जारी करवाएं तथा उचित प्रचार-प्रसार करते हुए पर्याप्त मात्रा में यूरिया एवं फास्फेटिक उर्वरक का अग्रिम उठाव सुनिश्चित करें। किसी भी तकनीकी समस्या की स्थिति में संबंधित विकासखंड के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी से संपर्क करने के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर ने डीडीए कृषि विभाग को निर्देशित किया कि मैदानी अमला खाद के उठाव में किसानों को पूर्ण सहयोग प्रदान करे तथा कृषि विस्तार अधिकारियों को उनके सर्किल क्षेत्र में समितियां आवंटित की जाएं, जिससे खाद वितरण का प्रभावी पर्यवेक्षण सुनिश्चित हो सके। साथ ही ग्राम पंचायत सचिव एवं जी.आर.एस. को किसानों से संपर्क कर खाद का अग्रिम उठाव कराने एवं ई-टोकन जारी करने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।