Type Here to Get Search Results !

वार्ड 23 आंगनबाड़ी में विश्व माहवारी स्वच्छता दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

 वार्ड 23 आंगनबाड़ी में विश्व माहवारी स्वच्छता दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित



नर्मदापुरम/29,मई,2026/ माहवारी स्वच्छता दिवस के अवसर पर इटारसी नगर के वार्ड क्रमांक 23 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र 47 में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किशोरियों एवं महिलाओं को माहवारी स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूक करना रहा।

यह कार्यक्रम डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी शासकीय अस्पताल इटारसी की अधीक्षक कमलेश कुमरे के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। अस्पताल से उमंग काउंसलर त्रिलोक मनवारे ने किशोरियों को माहवारी के दौरान स्वच्छता बनाए रखने, संतुलित आहार लेने एवं स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि माहवारी एक सामान्य प्राकृतिक प्रक्रिया है। इससे जुड़े भ्रम एवं संकोच को दूर करना आवश्यक है। स्वच्छता अपनाकर कई बीमारियों से बचा जा सकता है।

सीडीपीओ प्रभारी दीप्ति शुक्ला एवं सेक्टर सुपरवाइजर राखी मौर्य ने किशोरियों को नियमित रूप से स्वच्छ सेनेटरी पैड के उपयोग तथा व्यक्तिगत स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में मौजूद सभी किशोरियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने एवं अन्य बालिकाओं को भी जागरूक करने का संकल्प दिलाया गया। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित किशोरियों को सेनेटरी पैड वितरित किए गए। इसके बाद वार्ड में माहवारी स्वच्छता को लेकर जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से माहवारी स्वच्छता से जुड़े संदेश आमजन तक पहुंचाए गए।

इस अवसर पर सुपरवाइजर अर्चना बस्तवार, मीना गाठले एवं रेखा चौरे द्वारा विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में भी कार्यक्रम आयोजित कराए गए। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मोनिका, स्थानीय महिलाओं एवं किशोरी बालिकाओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.