नर्मदापुरम में "नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत" कार्यक्रम का सफल आयोजन
विद्यार्थियों ने दी नशा मुक्ति और राष्ट्र निर्माण की प्रभावशाली प्रस्तुतियां
नर्मदापुरम/31,जुलाई,2026/ मेरा युवा भारत नर्मदापुरम एवं राष्ट्रीय सेवा योजना नर्मदा महाविद्यालय नर्मदापुरम के संयुक्त तत्वावधान में "नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत" कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से जागरूक करना और उन्हें स्वस्थ, जिम्मेदार एवं राष्ट्र निर्माण में सहभागी नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में जिले भर के विद्यार्थियों, युवाओं, एनएस स्वयंसेवकों एवं विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे परिसर में नशा मुक्ति, स्वास्थ्य जागरूकता और राष्ट्र निर्माण से जुड़े संदेशों का प्रभावी माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय सेवा योजना नर्मदापुरम के पूर्व जिला संगठक डॉ. दिग्विजय सिंह खत्री रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नर्मदा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रामकुमार चौकसे ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. हर्षा चचानें और डॉ. बाधवा उपस्थित रहे। माय भारत समिति के सदस्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और गणमान्य नागरिक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
मुख्य अतिथि डॉ. खत्री ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा, "नशा छोड़ो और जिंदगी से नाता जोड़ो।" उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल, कौशल विकास और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। डॉ. रामकुमार चौकसे ने कहा कि "नशे से दूरी है जरूरी।" उन्होंने कानून, स्वास्थ्य और परिवार पर नशे के दुष्प्रभावों की विस्तार से जानकारी दी। डॉ. हर्षा चचानें ने उपस्थित सभी युवाओं को नशा मुक्ति की सामूहिक शपथ दिलाई और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लेने का आग्रह किया।
युवाओं की जागरूकता और प्रतिभा को बढ़ावा देने के लिए कार्यक्रम के तहत 8 विभिन्न प्रतियोगिताओं और गतिविधियों का आयोजन किया गया। इसमें वाद-विवाद प्रतियोगिता, निबंध लेखन, पोस्टर एवं चित्रकला प्रतियोगिता, स्लोगन लेखन, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक प्रस्तुति, समूह सांस्कृतिक गतिविधियां एवं जागरूकता गतिविधियां शामिल रहीं। प्रतिभागियों ने "नशा मुक्ति", "विकसित भारत", "युवा शक्ति" और "सामाजिक उत्तरदायित्व" जैसे विषयों पर प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम की संयोजकता डॉ. सुनील कुमार दिवाकर ने की। माय भारत नर्मदापुरम से सहयोगी स्वयंसेवक रानू उइके, शशांक दुबे, यशवंत दुबे, अनुज पटेल, अजय प्रजापति, आयुष मंडलोई, रंजना पटवा, रचित तिलोटिया, हरीश साध, जुगल किशोर भारतीय, प्रशांत मेहरा, सचिन सारोठिया सहित अन्य स्वयंसेवक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में आभार व्यक्त करते हुए माय भारत नर्मदापुरम की जिला युवा अधिकारी श्रद्धा मित्तल ने सभी प्रतिभागियों, अतिथियों और सहयोगियों का धन्यवाद किया।