सर्पदंश से मृत्यु के मामले में आर्थिक सहायता का प्रकरण तत्काल तैयार कर कार्रवाई करें : संभाग आयुक्त
पीएम रिपोर्ट के लिए आवेदक को अनावश्यक परेशान न करें, तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश पर रिपोर्ट दी 15 मिनिट में
संभाग आयुक्त एवं आईजी ने माखन नगर थाने का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
नर्मदापुरम/14,अगस्त,2026/ मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत संभाग आयुक्त श्री श्रीकांत बनोट एवं नर्मदापुरम आईजी श्री चंद्रशेखर सोलंकी ने आज थाना माखन नगर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने में आए आवेदकों से चर्चा कर उनकी समस्याएं जानीं तथा संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एक आवेदक ने बताया कि उसकी पत्नी की मृत्यु सर्पदंश से हुई है और वह पोस्टमार्टम (पीएम) रिपोर्ट प्राप्त करने के लिए थाने आया है। इस पर आईजी श्री सोलंकी ने संबंधित अधिकारियों से कंप्यूटर के माध्यम से पीएम रिपोर्ट की प्रक्रिया की जानकारी ली तथा आवेदक को पीएम रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिस पर माखन नगर थाना टी.आई. सुश्री कंचन सिंह ने 15 मिनिट में संबंधित को पी.एम. रिपोर्ट उपलब्ध करा दी।
उन्होंने कहा कि किसी भी आवेदक को आवश्यक दस्तावेज प्राप्त करने के लिए अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े। मामले में संभाग आयुक्त श्री श्रीकांत बनोट ने तहसीलदार को निर्देशित किया कि सर्पदंश से मृत्यु के प्रकरण में आरबीसी 6(4) के तहत आर्थिक सहायता का प्रकरण तत्काल तैयार कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।