पढ़ाई को बनाएं लक्ष्य,बड़े सपने देखें और उन्हें पूरा करने के लिए मेहनत करें : संभाग आयुक्त
माता-पिता और गुरुजनों की बातों का अनुसरण कर छुएं सफलता की ऊंचाई : आईजी
आईजी एवं डीआईजी ने भी विद्यार्थियों से संवाद कर बढ़ाया उत्साह
कमजोर विषयों के लिए अतिरिक्त कक्षाएं लगाने के दिए निर्देश
नर्मदापुरम/14,अगस्त,2026/ मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत संभाग आयुक्त श्री श्रीकांत बनोट ने आज पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अचलपुर का निरीक्षण किया। इस दौरान आईजी श्री चंद्रशेखर सोलंकी एवं डीआईजी श्री वीरेन्द्र सिंह ने भी विद्यालय पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद किया और उनका उत्साहवर्धन किया। संभाग आयुक्त श्री बनोट एवं आईजी श्री सोलंकी ने विद्यार्थियों से उनके भविष्य के लक्ष्यों और रुचियों के संबंध में चर्चा की। उन्होंने बच्चों से गणित एवं अंग्रेजी विषय से संबंधित प्रश्न पूछकर उनके ज्ञान एवं शैक्षणिक स्तर का परीक्षण भी किया। विद्यार्थियों ने अपने भविष्य के सपनों के बारे में बताते हुए कहा कि कुछ बच्चे रेलवे में जाना चाहते हैं, वहीं दो छात्राओं ने आईपीएस बनने की इच्छा व्यक्त की।
संभाग आयुक्त श्री बनोट ने शिक्षकों को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों की बुनियादी शिक्षा एवं मूलभूत अवधारणाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जाए। कक्षा 9वीं, 10वीं एवं 11वीं के विद्यार्थियों के लिए आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त कक्षाओं की व्यवस्था की जाए। जिन विषयों में विद्यार्थी कमजोर हैं, उन विषयों पर विशेष रूप से अतिरिक्त अध्यापन कराया जाए।
उन्होंने कहा कि यदि विद्यार्थियों का बेस अभी से मजबूत होगा तो कक्षा 11वीं और 12वीं में उन्हें पढ़ाई में कठिनाइयों का सामना नहीं करना पड़ेगा। विद्यार्थियों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि पढ़ाई को अपना लक्ष्य बनाएं। अच्छी शिक्षा और निरंतर मेहनत के माध्यम से ही जीवन में अपने सपनों को साकार किया जा सकता है। जितना अधिक आप पढ़ेंगे, उतनी ही आपके लिए आगे बढ़ने की संभावनाएं बढ़ेंगी। आईजी श्री चंद्रशेखर सोलंकी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सभी बच्चे अपने जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करें। लक्ष्य जितने बड़े होंगे, सफलता की संभावनाएं भी उतनी ही अधिक होंगी। उन्होंने कहा कि 12वीं कक्षा के बाद करियर निर्माण की दिशा तय होती है, इसलिए विद्यार्थियों को अभी से पूरी मेहनत और अनुशासन के साथ पढ़ाई करनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतिदिन नियमित रूप से पर्याप्त समय पढ़ाई के लिए देने की सलाह दी।
शकरवाड़ा फार्म स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया और इसी के साथ भोजन की गुणवत्ता को भी जांच बनाने वाली स्वच्छता समूह की महिलाओं से चर्चा कर उनसे सप्ताह का मीनू भी पूछा और इसी प्रकार की समस्या होने की जानकारी भी ली। मध्यान भोजन में बन रहे आलू की सब्जी, मूंग की दाल की गुणवत्ता को भी देखा। इस दौरान संयुक्त आयुक्त श्री नवल सिंह मीणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं विद्यालय के शिक्षक उपस्थित रहे।
