Type Here to Get Search Results !

मढ़ई में महिलाओं के सुरक्षित पर्यटन और स्वरोजगार को लेकर कार्यशाला आयोजित

 मढ़ई में महिलाओं के सुरक्षित पर्यटन और स्वरोजगार को लेकर कार्यशाला आयोजित

फेडरेशन के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर, पर्यटन सुविधाओं को मजबूत करने की बनाई कार्ययोजना



नर्मदापुरम/21,अगस्‍त,2026/ मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा संचालित महिलाओं हेतु सुरक्षित पर्यटन स्थल परियोजना के अंतर्गत इंडियन ग्रामीण सर्विसेस के सहयोग से शुक्रवार को वाटिका होटल, सोहागपुर में पर्यटन स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का उद्देश्य मढ़ई एवं पचमढ़ी जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों पर महिलाओं एवं बालिकाओं की भागीदारी बढ़ाने, उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने तथा पर्यटकों के लिए सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण तैयार करना रहा।

कार्यशाला की अध्यक्षता सोहागपुर एसडीएम डॉ. बविता राठौर ने की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया गया। इंडियन ग्रामीण सर्विसेस की परियोजना प्रबंधक रीना साहू ने परियोजना की जानकारी देते हुए बताया कि मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड एवं संस्था के सहयोग से महिलाओं और बालिकाओं को आत्मरक्षा एवं विभिन्न कौशल प्रशिक्षण दिए जा रहे हैं। प्रशिक्षण के बाद उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

कार्यशाला में नवगठित फेडरेशन की भूमिका, उसकी कार्ययोजना तथा महिलाओं को स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार से जोड़ने पर विस्तार से चर्चा हुई। फेडरेशन के माध्यम से प्रशिक्षित महिलाओं को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा। इससे पर्यटन गतिविधियों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ने के साथ पर्यटकों, विशेषकर महिला पर्यटकों के लिए सुरक्षित वातावरण विकसित करने में मदद मिलेगी।

इंडियन ग्रामीण सर्विसेस के महेश प्रजापति ने फेडरेशन एवं टूरिस्ट फैसिलिटी सेंटर (TFC) पचमढ़ी के संचालन की रूपरेखा साझा की। बताया गया कि टीएफसी के माध्यम से पर्यटकों को स्थानीय एमपीटी इकाइयों के साथ निजी होटल, जिप्सी चालक, टूर गाइड, रेस्टोरेंट, पुलिस एवं स्वास्थ्य सहायता तथा स्थानीय स्मृति चिह्न आदि से संबंधित सुविधाओं की जानकारी एक स्थान पर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यशाला में विगत तीन वर्षों में मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड एवं इंडियन ग्रामीण सर्विसेस द्वारा महिलाओं और बालिकाओं के लिए किए गए प्रशिक्षण, रोजगार एवं स्वरोजगार संबंधी कार्यों की भी समीक्षा की गई।

एसडीएम डॉ. बविता राठौर ने परियोजना की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं के सतत विकास, सशक्तिकरण और सुरक्षा के लिए किए जा रहे प्रयास महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने फेडरेशन की गतिविधियों को आगे बढ़ाने में विभागीय सहयोग का भरोसा दिलाया।

जिला पर्यटन प्रबंधक मनोज सिंह ठाकुर ने बताया कि मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से सुरक्षित पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय महिलाओं और बालिकाओं को पर्यटन आधारित रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। मढ़ई और पचमढ़ी जैसे पर्यटन स्थलों पर स्थानीय समुदाय की भागीदारी बढ़ने से पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता के नए अवसर भी तैयार होंगे।

कार्यशाला में एमपीटी रिसोर्ट मढ़ई के प्रबंधक अधिकारी अभिनव, डॉ. एमके नीखरा, जवाहरलाल नेहरू महाविद्यालय सोहागपुर के प्रतिनिधि, बालिका छात्रावास की सहयोगी प्रबंधक, फेडरेशन टीम, महिला क्लब सदस्य, होमस्टे संचालक परिवार तथा विभिन्न ट्रेड में प्रशिक्षित महिलाएं एवं बालिकाएं उपस्थित रहीं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.