“मानवीय संवेदनाओं से संचालित है सामाजिक न्याय विभाग” – मंत्री नारायण सिंह कुशवाह
भोपाल 27/11/2025 (दयाराम कुशवाहा )
भोपाल सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह ने कहा कि विभाग का मूल उद्देश्य समाज के सबसे कमजोर और जरूरतमंद लोगों तक योजनाओं का लाभ संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण के साथ पहुँचाना है।
वे मंगलवार को विभाग की दो वर्ष की उपलब्धियों की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे।
मंत्री कुशवाह ने कहा कि सामाजिक न्याय विभाग सिर्फ प्रशासनिक ढांचा नहीं, बल्कि मानवीय संवेदना पर आधारित वह व्यवस्था है, जिसका केन्द्र बिंदु असहाय नागरिकों का सशक्तिकरण है। उन्होंने विभागीय योजनाओं की प्रगति पर संतोष जताते हुए कहा कि दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिक, निराश्रितजन, विधवा और परित्यक्ता महिलाओं को समय पर सहायता दिलाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
“पेंशन प्रकरणों का समय पर निराकरण अनिवार्य”
मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पेंशन योजनाओं से जुड़े प्रकरणों का नियत समय-सीमा में निराकरण किया जाए। फील्ड स्तर पर हितग्राहियों से सीधे संवाद को मजबूत करने पर भी उन्होंने जोर दिया।
उन्होंने कहा कि शिकायतों का त्वरित समाधान, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने से विभागीय सेवाएं अधिक प्रभावी बनेंगी। अधिकारियों को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि “सबसे कमजोर वर्गों के साथ व्यवहार में संवेदनशीलता सर्वोपरि होनी चाहिए।”
डिजिटल सेवाओं और प्रचार-प्रसार पर जोर
बैठक में विभागीय अधिकारियों ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से योजनाओं की वर्तमान स्थिति, उपलब्धियों और आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी। मंत्री कुशवाह ने आगामी समय में योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार और विभाग की डिजिटल सेवाओं को और सुदृढ़ करने पर बल दिया।
