Type Here to Get Search Results !

श्रम विभाग की प्रेस वार्ता में उपलब्धियों और आगामी कार्ययोजना पर प्रकाश

 

श्रम विभाग की प्रेस वार्ता में उपलब्धियों और आगामी कार्ययोजना पर प्रकाश

विभागीय नवाचारों पर आधारित बुकलेट का हुआ विमोचन

भोपाल 24/12/2025  (दयाराम कुशवाहा )
भोपाल भोपाल। मध्यप्रदेश शासन के श्रम विभाग द्वारा कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर में आयोजित प्रेस वार्ता में विभागीय उपलब्धियों, नवाचारों एवं आगामी कार्ययोजना पर आधारित बुकलेट का विमोचन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्रम एवं पंचायत मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि राज्य सरकार का श्रम विभाग श्रमिकों के कल्याण, सुरक्षा और सम्मानजनक जीवन को सुनिश्चित करने के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रहा है।
मंत्री श्री पटेल ने बताया कि विगत दो वर्षों में श्रमिक-केंद्रित दृष्टिकोण अपनाते हुए विभाग ने कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं, जिनका प्रत्यक्ष लाभ प्रदेश के श्रमिकों एवं उनके परिवारों तक पहुंचा है। उद्योग और श्रम के बीच बेहतर तालमेल से नए रोजगार सृजन की दिशा में भी ठोस पहल की गई है, जिससे श्रमिकों और नियोक्ताओं के संबंध और मजबूत हुए हैं।
दो वर्षों की प्रमुख उपलब्धियां
मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना के अंतर्गत लाखों श्रमिकों को लाभान्वित किया गया है। पिछले दो वर्षों में 1,07,536 प्रकरणों में कुल 2,333 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया।
SHREE अवधारणा के अंतर्गत स्वास्थ्य कार्यशालाओं का आयोजन कर सुरक्षा, स्वास्थ्य, कल्याण एवं औद्योगिक संबंधों पर विशेष जोर दिया गया। पीथमपुर, मंडीदीप एवं उज्जैन जैसे औद्योगिक क्षेत्रों में कारखानों के सेफ्टी एवं मानव संसाधन अधिकारियों के लिए प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए गए।
राज्य में विनिर्माण क्षेत्र को प्रोत्साहन देने हेतु श्रम नियमों में संशोधन कर नियोजन सीमा में वृद्धि की गई। महिला श्रमिकों को आवश्यक शर्तों के साथ नाइट शिफ्ट में कार्य की अनुमति दी गई। औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए आठ क्षेत्रों में ‘जोनल सेफ्टी काउंसिल’ का गठन किया गया है।
वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 (अक्टूबर तक) में भवन एवं अन्य निर्माण कर्मकार मंडल के 1,57,621 हितग्राहियों को 692.81 करोड़ रुपये का लाभ वितरित किया गया। कर्मचारी राज्य बीमा सेवाओं के अंतर्गत वर्ष 2024-25 में 13,684 लाभार्थियों को द्वितीयक उपचार सुविधा उपलब्ध कराई गई।
विभागीय नवाचार
प्रेस वार्ता में SHREE पहल, श्रम स्टार रेटिंग, श्रमणा सहकारी समिति, ‘हर्ट फ्री डेज’ जैसी नवाचारी योजनाओं की जानकारी दी गई। इन पहलों का उद्देश्य श्रमिकों के स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और कार्यस्थल के वातावरण में सुधार लाना है।
आगामी तीन वर्षों की कार्ययोजना
मंत्री श्री पटेल ने बताया कि नवीन श्रम संहिताओं के अनुरूप राज्य नियमों का निर्माण, डिजिटल पोर्टल्स का उन्नयन, LCMS के अंतर्गत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग, औद्योगिक दुर्घटनाओं में कमी तथा सिंगल विंडो सिस्टम से सेवाओं का एकीकरण प्रमुख लक्ष्य हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि नवाचार, तकनीक और सुशासन के माध्यम से श्रमिकों के जीवन स्तर में निरंतर सुधार होगा और यह प्रयास मध्यप्रदेश के समग्र विकास को नई गति प्रदान करेंगे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.