पथरकुई में एनएसएस का सात दिवसीय आवासीय विशेष शिविर प्रारंभ
नर्मदापुरम् 27/1/206(छगन कुशवाहा पिपरिया) नर्मदापुरम्
बनखेड़ी,पथरकुई शासकीय महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की पुरुष इकाई द्वारा आयोजित सात दिवसीय आवासीय विशेष शिविर का शुभारंभ मंगलवार, 27 जनवरी 2026 को ग्राम पंचायत पथरकुई में हुआ। शिविर के लिए शिविरार्थियों को महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राकेश दीलावरे ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इसके पश्चात प्राचार्य डॉ. दीलावरे ग्राम पंचायत पथरकुई पहुँचे, जहाँ शिविर के उद्घाटन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में महाविद्यालय के शैक्षणिक स्टॉफ, कार्यालयीन कर्मचारी, ग्राम पंचायत के मुखिया, वरिष्ठजन एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी की गरिमामयी उपस्थिति में शिविर का विधिवत उद्घाटन संपन्न हुआ।
उद्घाटन अवसर पर वक्ताओं ने राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से सामाजिक दायित्वों के निर्वहन एवं ग्राम विकास में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया। आयोजन को सफल बनाने में महाविद्यालय परिवार एवं ग्राम पंचायत का सराहनीय सहयोग रहा।



