Type Here to Get Search Results !

पिपरिया में बस से जेवर चोरी का खुलासा, हाथरस का शातिर गिरोह गिरफ्तार

 


पिपरिया में बस से जेवर चोरी का खुलासा, हाथरस का शातिर गिरोह गिरफ्तार



नर्मदापुरम् पिपरिया 17/2/2026 ( छगन कुशवाहा ) पिपरिया,

पिपरिया। बस में बैग से जेवरात और नकदी चोरी करने वाले अंतरराज्यीय शातिर गिरोह का थाना पिपरिया पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले से जुड़े आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया है। अब तक चोरी के जेवर बेचकर प्राप्त 70 हजार रुपए नगद बरामद किए जा चुके हैं, जबकि जेवर खरीदने वाले सुनार की तलाश जारी है।



बस बदलने के दौरान पार किया पर्स

थाना पिपरिया से मिली जानकारी के अनुसार, 6 अगस्त 2025 की रात करीब 3 बजे फरियादी राजेश वर्मा निवासी परराहदेह नर्मदापुरम की पत्नी अंजली वर्मा अपने पिता के साथ नर्मदापुरम से सेमरी किशोर जा रही थीं। पिपरिया बस स्टैंड पर बस बदलते समय उन्होंने अपना बैग सीट पर रखकर नीचे उतरकर फल खरीदे। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने बैग के अंदर रखा छोटा पर्स चोरी कर लिया, जिसमें सोने-चांदी के जेवरात और नगदी रखी थी।

रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।



CCTV और तकनीकी साक्ष्य से पहचान

विवेचना के दौरान बस स्टैंड और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान हाथरस (उप्र) निवासी बाबी उर्फ देवेंद्र सिंह दर्जी, मेघ सिंह कुशवाहा और नंदकिशोर यादव के रूप में हुई।



पुलिस टीम ने पूर्व में अलीगढ़ और हाथरस में दबिश देकर मेघ सिंह और नंदकिशोर यादव को गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी के जेवर आगरा क्षेत्र के एक सुनार को बेचने की बात कबूली।

दो और आरोपी गिरफ्तार

मंगलवार 17 फरवरी 2026 को पुलिस ने आरोपी बाबी दर्जी उर्फ देवेंद्र सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से पूछताछ जारी है। अब तक 70 हजार रुपए नगद बरामद किए जा चुके हैं। जेवर खरीदने वाले सुनार की पहचान कर ली गई है, जो पुलिस दबिश के बाद से फरार बताया जा रहा है।


गिरफ्तार आरोपी

  1. नंदकिशोर यादव (36) निवासी मिर्जापुर, जिला हाथरस (उप्र)

  2. मेघ सिंह (45) निवासी ऐहान, जिला हाथरस (उप्र)

  3. बाबी उर्फ देवेंद्र सिंह दर्जी (47) निवासी ग्राम ऐहान, जिला हाथरस (उप्र)

इनकी रही प्रमुख भूमिका

कार्रवाई में थाना प्रभारी गिरीश त्रिपाठी, उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह कुशवाह, सउनि सुशील कुशवाह सहित पुलिस टीम और साइबर सेल के आरक्षक जितेंद्र की अहम भूमिका रही।

पुलिस आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल कर रही है और फरार सुनार की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.