मंडला में प्रांतीय कुशवाहा समाज का शपथ ग्रहण समारोह
संगठित होकर कार्य करने पर ही समाज का विकास संभव : योगेश मानसिंह कुशवाहा
भोपाल 17/2/2026 (दयाराम कुशवाहा ) मंडला। प्रांतीय कुशवाहा समाज मध्यप्रदेश के नव निर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह मंगलवार को मंडला में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष योगेश मानसिंह कुशवाहा मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने पड़ाव स्थित राम मंदिर कछवाहा भवन में जिला कार्यकारिणी का गठन करते हुए सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को समाज के उत्थान के लिए कार्य करने की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान लव-कुश के चित्र पर पुष्प अर्पित एवं दीप प्रज्वलन के साथ की गई। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष ने संबोधित करते हुए कहा कि समाज हित में संगठित होकर कार्य करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा समाज को बांटकर अपने हित साधे जाते रहे हैं, इसलिए कुशवाहा समाज को अपनी ताकत पहचानकर एकजुट होना होगा। समाज को साथ लेकर चलने से ही उसके मान-सम्मान और अधिकारों की रक्षा संभव है।
समारोह में नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, शिवराज कछवाहा, कोमल कछवाहा, शशिशंकर कछवाहा, महेश कछवाहा, गोपाल कुशवाहा सहित समाज के वरिष्ठ नागरिक एवं बड़ी संख्या में सामाजिकजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में वरिष्ठजनों का साल-श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया।
इस दौरान नई जिला कार्यकारिणी की घोषणा भी की गई। जिसमें जिला अध्यक्ष के रूप में दुष्यंत कछवाहा, उपाध्यक्ष हरपाल कछवाहा, कोषाध्यक्ष उमेश कछवाहा, सचिव अजय कछवाहा, सहसचिव सुरेश कछवाहा, जिला मीडिया प्रभारी गोवर्धन कुशवाहा, संगठन मंत्री मुकुल कछवाहा एवं भालू कछवाहा, महिला जिला अध्यक्ष हेमलता कछवाहा, युवा जिला अध्यक्ष सौरभ कछवाहा तथा महामंत्री सनित कछवाहा को जिम्मेदारी सौंपी गई।
नवनियुक्त पदाधिकारियों का तिलक बंधन एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। समाज के वरिष्ठजनों ने सभी पदाधिकारियों को बधाई देते हुए अपेक्षा जताई कि वे समाज को संगठित और सशक्त बनाने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

