बाड़े में उगाई गांजे की खेती, 31 पौधों समेत 10.7 किलो माल जब्त; युवक गिरफ्तार
नर्मदापुरम् पिपरिया 14/4/2026
( छगन कुशवाहा )
पिपरिया। नर्मदापुरम जिले के पिपरिया थाना क्षेत्र के ग्राम उटिया किशोर में पुलिस ने गांजे की खेती करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 10 किलो 700 ग्राम अवैध गांजा जब्त किया गया है, जिसकी कीमत करीब 40 हजार रुपए बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 13 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम उटिया किशोर निवासी अरविंद अहिरवार अपने खेत के बाड़े में गांजे के पौधे लगाकर तैयार कर रहा है और बिक्री की तैयारी में है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।
पुलिस को देखकर आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने करीब तीन महीने पहले अपने बाड़े में गांजे के पौधे लगाए थे। पुलिस ने मौके से छोटे-बड़े कुल 31 गांजे के पौधे उखड़वाकर जब्त किए, जिनका कुल वजन 10.7 किलो निकला।
आरोपी अरविंद कुमार अहिरवार (26) निवासी उटिया किशोर के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम सांई कृष्ण एस. थोटा के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन और एसडीओपी मोहित कुमार यादव के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। थाना प्रभारी गिरीश त्रिपाठी सहित पुलिस टीम ने इस कार्रवाई में अहम भूमिका निभाई।




