अस्मिता पेंचक सिलाट स्टेट लीग: श्वेता ठाकुर ने जीता गोल्ड, नर्मदापुरम के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
नर्मदापुरम् पिपरिया 4/4/2026
( छगन कुशवाहा )पिपरिया/नर्मदापुरम। खेलो इंडिया अस्मिता पेंचक सिलाट स्टेट लीग में नर्मदापुरम जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। मंदसौर के कौशल्या रिसोर्ट में 28 से 30 मार्च तक आयोजित इस प्रतियोगिता में श्वेता ठाकुर ने 60-65 किलोग्राम सीनियर वर्ग में गोल्ड मेडल जीतकर सबसे बड़ी उपलब्धि हासिल की।
स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया एवं पेंचक सिलाट फेडरेशन के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेशभर के खिलाड़ियों ने भाग लिया। नर्मदापुरम की पायल कुशवाह ने 50-55 किलोग्राम सीनियर वर्ग में ब्रॉन्ज मेडल और हर्षिता राजपूत ने 39-43 किलोग्राम जूनियर वर्ग में ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया।
इसके अलावा खुशी पटवा, रिन्शी रघुवंशी, अदिति तोमर, शिवांगी यादव और वृंदा यादव ने भी प्रतियोगिता में भाग लेकर अपना दमखम दिखाया।
पेंचक सिलाट फेडरेशन से जुड़े सचिन पुर्विया ने बताया कि प्रतियोगिता में जिले की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और कई पदक अपने नाम किए। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर जनप्रतिनिधियों और खेल से जुड़े लोगों ने बधाई दी।
सांसद दर्शन सिंह चौधरी, विधायक ठाकुर दास नागवंशी, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती नीना नवनीत नागपाल, एकता स्पोर्ट्स क्लब पिपरिया के संरक्षक वीएस चौहान सहित कई खेल प्रेमियों और अधिकारियों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



