Type Here to Get Search Results !

सेठानी घाट पर दो दिवसीय भव्य आम महोत्सव का शुभारंभ

 सेठानी घाट पर दो दिवसीय भव्य आम महोत्सव का शुभारंभ

आम की विविध किस्मों ने आकर्षित किया लोगों का ध्यान, 31 मई तक चलेगा महोत्सव



नर्मदापुरम/30,मई,2026/ उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण विभाग एवं जिला प्रशासन नर्मदापुरम के संयुक्त तत्वावधान में ऐतिहासिक सेठानी घाट परिसर में दो दिवसीय भव्य आम महोत्सव (मैंगो फेस्टिवल) का शुभारंभ किया गया। महोत्सव का उद्देश्य नर्मदापुरम एवं आसपास के क्षेत्रों के प्रसिद्ध रसीले आमों को बढ़ावा देना तथा आम उत्पादक किसानों को सीधे उपभोक्ताओं से जोड़ना है।

महोत्सव का उद्घाटन मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया, कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती नीतू यादव एवं जिला पंचायत सदस्य श्री उमेश यादव की गरिमामयी उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया ने कहा कि यह महोत्सव स्थानीय किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के आमों का स्वाद अद्भुत है तथा इन्हें बड़े बाजारों तक पहुंचाना प्राथमिकता है। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने बताया कि जिला प्रशासन एवं उद्यानिकी विभाग के सहयोग से आयोजित इस महोत्सव में 40 से अधिक किस्मों के लगभग 150 स्टॉल लगाए गए हैं। इनमें लंगड़ा, दशहरी, आम्रपाली, मल्लिका, चौसा, बॉम्बे ग्रीन, तोतापरी, अल्फांसो, केसर, हिमसागर, बादामी, सफेदा, मालगोवा सहित देशी आमों की विभिन्न प्रजातियां प्रदर्शित की गई हैं। इसके साथ ही आम से निर्मित प्रसंस्कृत उत्पाद, आम के पौधे एवं फलों के विक्रय हेतु भी विशेष स्टॉल लगाए गए हैं।

महोत्सव का मुख्य उद्देश्य आम उत्पादकों को प्रोत्साहित करना, विभिन्न किस्मों के आमों का प्रदर्शन करना तथा किसानों और उपभोक्ताओं के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना है। जिला प्रशासन द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि आम प्रदर्शनी 31 मई 2026 तक आमजन के लिए खुली रहेगी। आसपास के नागरिक, परिवार एवं आम प्रेमी इस महोत्सव में पहुंचकर विभिन्न किस्मों के आमों का अवलोकन एवं स्वाद का आनंद ले सकते हैं

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.