Type Here to Get Search Results !

कलेक्टर के नेतृत्व में जनसुनवाई बन रही नागरिक सेवा का मंच

 


कलेक्टर के नेतृत्व में जनसुनवाई बन रही नागरिक सेवा का मंच

मंगलवार को जनसुनवाई के दौरान 138 आवेदकों को मिला उनकी समस्या का समाधान

खंड स्तरीय जनसुनवाई के माध्यम से भी सुनी जा रही नागरिकों की समस्या

नर्मदापुरम  कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में जिले भर से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर श्री मिश्रा ने कई आवेदकों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान कर उन्हें राहत प्रदान की। जनसुनवाई में समग्र आईडी में त्रुटि सुधार, प्रधानमंत्री आवास योजना, आर्थिक सहायता, अवैध अतिक्रमण, राजस्व प्रकरणों सहित विभिन्न विषयों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर श्री मिश्रा ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि आमजन की समस्याओं के निराकरण में संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्य करें, ताकि नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। जनसुनवाई के दौरान जिला पंचायत सीईओ हिमांशु जैन, एडीएम श्री अनिल जैन, अपर कलेक्टर श्री बृजेंद्र रावत, संयुक्त कलेक्टर एवं सिटी मजिस्ट्रेट श्री देवेंद्र प्रताप सिंह, डिप्टी कलेक्टर डॉ बबीता राठौर, श्रीमती नीता कोरी, एसडीएम श्री जय सोलंकी सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

नर्मदापुरम निवासी आवेदिका जूही सोनकिया ने कलेक्टर श्री मिश्रा को बताया कि उनकी समग्र आईडी में उनके पिताजी का नाम त्रुटिवश गलत दर्ज हो गया था, जिसके कारण वे अतिथि शिक्षक भर्ती के लिए आवेदन नहीं कर पा रही थीं। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्री मिश्रा ने जिला प्रबंधक ई-गवर्नेंस श्री संदीप चौरसिया को तत्काल समस्या के निराकरण के निर्देश दिए। कलेक्टर के निर्देशों के परिपालन में जिला प्रबंधक ई-गवर्नेंस द्वारा आवेदिका की समग्र आईडी में त्वरित सुधार किया गया, जिससे उन्हें राहत मिली। इसी प्रकार केसला निवासी विनेश कुमार चौधरी की समग्र आईडी में आ रही समस्या का भी जनसुनवाई के दौरान मौके पर ही निराकरण किया गया। कलेक्टर श्री मिश्रा के निर्देशानुसार जिला प्रबंधक श्री संदीप चौरसिया द्वारा समग्र आईडी में आवश्यक सुधार करते हुए आवेदक को राहत प्रदान की गई।

जनसुनवाई में नर्मदापुरम निवासी श्री लखन लाल वर्मा ने गेहूं उपज समर्थन मूल्य पर विक्रय किए जाने के उपरांत भुगतान नहीं मिलने की समस्या कलेक्टर श्री मिश्रा के समक्ष रखी। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने जिला आपूर्ति अधिकारी श्रीमती नीता कोरी को किसान को शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निर्देशों के परिपालन में जिला आपूर्ति अधिकारी द्वारा मामले की जांच की गई तथा किसान को भुगतान किए जाने की सूचना प्रदान की गई। इसी प्रकार एक अन्य मामले में आदिवासी छात्रावास मटकुली से अतिक्रमण हटाए जाने संबंधी आवेदन पर सुनवाई करते हुए कलेक्टर श्री मिश्रा ने एसडीएम पिपरिया को मौके पर पहुंचकर मामले की जांच करने तथा शीघ्र जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

खंड स्तरीय जनसुनवाई के दौरान दिव्यांग को मिली व्हीलचेयर

खंड स्तरीय जनसुनवाई के दौरान विभिन्न अनु विभागों में अधिकारियों द्वारा आमजन की समस्याएं सुनी गईं तथा संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अनु विभाग पिपरिया में आयोजित जनसुनवाई के दौरान एसडीएम आकीप खान ने तहसील पिपरिया में पहुंचे आवेदकों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। तहसील पिपरिया में कुल 18 आवेदन प्राप्त हुए। खंड स्तरीय जनसुनवाई के दौरान पौंडी निवासी दिव्यांग आवेदक गणेश ठाकुर द्वारा व्हीलचेयर की मांग की गई। इस पर त्वरित कार्यवाही करते हुए एसडीएम श्री आकीप खान के निर्देश पर जनपद पंचायत पिपरिया द्वारा आवेदक को तत्काल व्हीलचेयर उपलब्ध कराई गई तथा पेंशन स्वीकृति हेतु प्रकरण भी तैयार कराया गया। इसी प्रकार बनखेड़ी खंड स्तरीय जनसुनवाई में तहसीलदार बनखेड़ी द्वारा आवेदकों की समस्याएं सुनी गईं तथा संबंधित अधिकारियों को निराकरण हेतु निर्देशित किया गया। बनखेड़ी में कुल 7 आवेदन प्राप्त हुए।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.