पिपरिया में बढ़ते अपराधों पर कांग्रेस ने उठाए सवाल, एसपी से मिलकर सख्त कार्रवाई की मांग
नर्मदापुरम् पिपरिया 19/5/2026
( छगन कुशवाहा )
पिपरिया | शहर में पिछले एक सप्ताह के दौरान लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने पुलिस प्रशासन पर सवाल उठाए हैं। सोमवार को जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत ‘गुड्डन’ पाण्डेय और प्रदेश कांग्रेस महासचिव राजकुमार ‘केलू’ उपाध्याय के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने नर्मदापुरम पुलिस अधीक्षक साईं कृष्णा थोटा से मुलाकात कर शहर की बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर चिंता जताई।
कांग्रेस नेताओं ने एसपी को ज्ञापन सौंपकर पिपरिया में हाल ही में हुई फायरिंग, फिरौती, मारपीट, अवैध उत्खनन, नशाखोरी और ओवरलोडिंग की घटनाओं से अवगत कराया। नेताओं ने कहा कि विधायक कप के दौरान हवाई फायरिंग, व्यापारी सचिन जायसवाल से 5 लाख रुपए की फिरौती मांगने और होटल संचालक कमलेश साहू के साथ मारपीट जैसी घटनाओं से व्यापारी वर्ग और आम नागरिकों में दहशत का माहौल है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत पाण्डेय ने सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने, डैम क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग रखी।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक आंदोलन और धरना-प्रदर्शन के लिए बाध्य होगी।
इस दौरान पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी हरीश बेमन, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नरेंद्र दुबे, कमलेश चौधरी, नगर कांग्रेस अध्यक्ष कमलेश बाथरे, जिला प्रवक्ता अनिल रैकवार, अतुल तिवारी, मंजुलमणि ढिमोले और जितेंद्र गोरेले सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पिपरिया की जनता की सुरक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी।