ग्राम शिवपुर की नल-जल योजना का अधिकारियों ने किया निरीक्षण
ग्रीष्मकाल में सुचारू पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने दिए आवश्यक निर्देश
नर्मदापुरम/27,मई,2026/ विकासखंड सिवनी मालवा के ग्राम पंचायत शिवपुर अंतर्गत ग्राम शिवपुर की नल-जल योजना का निरीक्षण नायब तहसीलदार श्री पूनमसिंह सलामे द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव, ग्राम रोजगार सहायक, उपयंत्री एवं सहायक यंत्री भी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान संबंधित ठेकेदार एवं निवेदक को योजना के शेष कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही ग्रीष्मकाल को दृष्टिगत रखते हुए योजना का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं करने को कहा गया। अधिकारियों ने ग्राम पंचायत को योजना के नियमित संचालन एवं संधारण के लिए एक नवीन ऑपरेटर नियुक्त करने के निर्देश भी दिए, ताकि ग्राम के सभी नागरिकों को निरंतर एवं सुचारू रूप से पेयजल उपलब्ध हो सके।
उल्लेखनीय है कि उक्त नल-जल योजना अंतर्गत ग्राम शिवपुर में 375 किलोलीटर क्षमता की उच्च स्तरीय पानी की टंकी निर्मित की गई है। योजना के तहत तीन सफल नलकूपों से पानी एकत्रित कर टंकी के माध्यम से पूरे ग्राम में पेयजल प्रदाय किया जा रहा है। ग्रामीणों को इस योजना के माध्यम से घर-घर स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो रहा है, जिससे उन्हें गर्मी के मौसम में राहत मिल रही है तथा पेयजल संबंधी समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित हो रहा है।