Type Here to Get Search Results !

पीएम एक्सीलेंस कॉलेज में जनभागीदारी समिति की बैठक संपन्न कॉलेज के मैदान परिसर में जलभराव रोकने तकनीकी परीक्षण के बाद होगा नाली निर्माण कार्य

पीएम एक्सीलेंस कॉलेज में जनभागीदारी समिति की बैठक संपन्न कॉलेज के मैदान परिसर में जलभराव रोकने तकनीकी परीक्षण के बाद होगा नाली निर्माण कार्य




नर्मदापुरम/08,जून,2026/ पीएम एक्सीलेंस कॉलेज में जनभागीदारी समिति की बैठक कलेक्टर एवं समिति अध्यक्ष श्री सोमेश मिश्रा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में महाविद्यालय के विकास, अधोसंरचना उन्नयन एवं विद्यार्थियों के हित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए गए। बैठक में कलेक्टर एवं अध्यक्ष श्री सोमेश मिश्रा ने महाविद्यालय की आय एवं व्यय का विस्तृत ब्योरा तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही नवीन शिक्षा पद्धति के अंतर्गत विद्यार्थियों के रोजगार उन्मुखीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से औद्योगिक प्रतिष्ठानों के भ्रमण कार्यक्रम आयोजित करने के प्रस्ताव पर समिति द्वारा सहमति प्रदान की गई।


समिति द्वारा नवीन शिक्षा नीति के पाठ्यक्रम के अनुरूप आवश्यक पुस्तकों के क्रय की स्वीकृति भी प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त एमवी महाविद्यालय के विधि संकाय की संपदाता से संबंधित विषय पर उच्च शिक्षा विभाग से आवश्यक पत्राचार किए जाने के निर्देश भी कलेक्टर श्री मिश्रा द्वारा दिए गए। बैठक में महाविद्यालय परिसर के पीछे नाले के पानी की निकासी हेतु नाली निर्माण के प्रस्ताव पर भी चर्चा की गई। समिति द्वारा इस कार्य के लिए सशर्त सहमति प्रदान करते हुए निर्देश दिए गए कि निर्माण के उपरांत जलभराव की स्थिति निर्मित न हो, यह सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए निर्माण एजेंसी द्वारा स्थल परीक्षण एवं तकनीकी आकलन उपरांत ही निर्माण कार्य किए जाने की बात कही गई।


इसी प्रकार समिति द्वारा महाविद्यालय के अध्ययन कक्ष का नाम “विवेकानंद कक्षा” किए जाने पर सहमति दी गई। साथ ही अध्ययन कक्ष का उन्नयन कर उसे साइलेंस जोन के रूप में विकसित करने तथा कंप्यूटर एवं अन्य आवश्यक उपकरणों से सुसज्जित किए जाने का निर्णय भी लिया गया। बैठक में समिति के सदस्यों एवं महाविद्यालय प्रशासन द्वारा विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने हेतु विभिन्न सुझाव प्रस्तुत किए गए।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.