Type Here to Get Search Results !

शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन मे एक सप्ताह में विभागीय प्रदर्शन सुधारें अधिकारी, किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी : कलेक्टर सोमेश मिश्रा

शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन मे एक सप्ताह में विभागीय प्रदर्शन सुधारें अधिकारी, किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी : कलेक्टर सोमेश मिश्रा



कलेक्टर ने विभागवार समीक्षा कर अधिकारियों को दिए निर्देश

सीमांकन, नामांतरण और बंटवारे के लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण किया जाए

जल जीवन मिशन और आयुष्मान योजनाओं में तेजी लाने के दिए निर्देश

नर्मदापुरम कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने बुधवार को विभिन्न विभागों के अंतर्गत संचालित शासकीय योजनाओं, अभियानों एवं विभागीय कार्यों की प्रदेश स्तरीय रैंकिंग तथा जिले में उनकी प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को लक्ष्य अनुरूप कार्यों में तेजी लाने तथा समय-सीमा में लंबित मामलों के निराकरण के निर्देश दिए। राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री मिश्रा ने सीमांकन प्रकरणों के निराकरण हेतु विशेष अभियान संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन तहसीलों में सीमांकन के मामले समय-सीमा से बाहर होने की स्थिति में हैं, उनका निराकरण आगामी दो दिवस में सुनिश्चित किया जाए। साथ ही अविवादित नामांतरण एवं बंटवारा प्रकरणों के शीघ्र निराकरण पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत कोई भी प्रकरण समय-सीमा के बाहर नहीं होना चाहिए।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने आयुष्मान भारत वय वंदना योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों के शत-प्रतिशत कार्ड बनाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने पोषण किट वितरण की प्रगति की समीक्षा करते हुए वितरण में तेजी लाने तथा अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक किट पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही टीवी मुक्त भारत अभियान की गतिविधियों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने सीडीपीओ द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप क्षेत्रीय भ्रमण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन अधिकारियों द्वारा निर्धारित संख्या में भ्रमण नहीं किया गया है, उन्हें कारण बताओ सूचना पत्र (एससीएन) जारी किए जाएं। उन्होंने महिला एवं बाल विकास अधिकारी को एक सप्ताह के भीतर विभागीय योजनाओं एवं अभियानों में अपेक्षित प्रगति लाने के निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर श्री मिश्रा ने स्पष्ट किया कि जिन अधिकारियों द्वारा निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप प्रगति नहीं दिखाई जाएगी, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई हेतु प्रस्ताव तैयार किए जाएंगे। जनजातीय कार्य विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने वनाधिकार संबंधी निरस्त एवं नवीन दावों के निराकरण को अभियान मोड में करने के निर्देश दिए। उन्होंने सामुदायिक वन संसाधन संरक्षण एवं प्रबंधन अधिकार से संबंधित दावों के निराकरण में भी अपेक्षित प्रगति लाने पर जोर दिया।

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा में कलेक्टर ने जल जीवन मिशन अंतर्गत जिले में शेष नल-जल योजनाओं का कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने इसके लिए विशेष कार्ययोजना तैयार कर समस्याओं का समाधान करते हुए आगामी एक माह में उल्लेखनीय प्रगति सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जल आपूर्ति शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला परियोजना समन्वयक को विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने तथा ड्रॉपआउट विद्यार्थियों की संख्या कम करने के लिए विशेष रणनीति बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यार्थियों की अपार आईडी तैयार करने के कार्य में तेजी लाने तथा आगामी एक सप्ताह में 90 प्रतिशत से अधिक अपार आईडी तैयार करने का लक्ष्य निर्धारित किया। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हिमांशु जैन, अपर कलेक्टर श्री अनिल कुमार जैन, संयुक्त कलेक्टर श्री देवेंद्र प्रताप सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.