यह मामला नर्मदापुरम जिले स्थित सतपुड़ा टाइगर रिजर्व की बोरी रेंज का है।
कुछ दिन पहले विनोद वर्मा ने स्वयं सांभर के साथ अपना एक वीडियो साझा किया था। वीडियो में वह सांभर को पोहा खिलाते और उसके बेहद करीब जाकर उसे सहलाते दिखाई दे रहे थे। वीडियो सामने आने के बाद वन्यजीव विशेषज्ञों और संरक्षण से जुड़े लोगों ने इसे गंभीरता से उठाया।
मध्य प्रदेश के सतपुड़ा टाइगर रिजर्व (एसटीआर) में वन्यजीवों के साथ अनुचित व्यवहार का मामला सामने आने के बाद एक अधिकारी पर बड़ी कार्रवाई की गई है। जंगल में सांभर को पोहा खिलाने और उसे दुलारते हुए वीडियो वायरल होने पर एसटीआर प्रशासन ने प्रभारी सहायक निदेशक एवं रेंज प्रभारी विनोद वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
प्रारंभिक जांच के बाद कार्रवाई
सतपुड़ा टाइगर रिजर्व की फील्ड डायरेक्टर राखी नंदा द्वारा जारी निलंबन आदेश में कहा गया है कि प्रारंभिक जांच में अधिकारी का व्यवहार वन्यजीव प्रबंधन के मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया। इसी आधार पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।