Type Here to Get Search Results !

नवांकुर अभियान के तहत जिलेभर में दो लाख सीड बॉल से होगा वृद्ध हरियाली महोत्‍सव : कलेक्टर सोमेश मिश्रा

 नवांकुर अभियान के तहत जिलेभर में दो लाख सीड बॉल से होगा वृद्ध हरियाली महोत्‍सव : कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा


सभी जनपद, तहसीलों और स्‍थानीय स्‍तर पर आज आयोजित होंगे कार्यक्रम

समितियों के माध्यम से खाद वितरण व्‍यवस्‍था में किसानों को खाद उपलब्‍ध करायें

समय अवधि पत्रों की समीक्षा बैठक संपन्न


नर्मदापुरम/20,जुलाई,2026/ कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने सोमवार को आयोजित समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश  दिए कि मंगलवार को जिले के सभी विकासखंडों में नवांकुर अभियान के अंतर्गत सीड बॉल प्रसार का वृहद कार्यक्रम आयोजित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक वनीकरण एवं हरित आवरण बढ़ाने के उद्देश्य से सभी विभाग समन्वित प्रयास करते हुए अभियान को सफल बनाएं। उल्लेखनीय है कि नवांकुर अभियान के तहत जिलेभर में लगभग 2 लाख सीड बॉल का व्यापक स्तर पर प्रसार किया जाएगा।

बैठक में खाद एवं उर्वरक वितरण की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी सहकारी समितियों से खाद का नियमित उठाव सुनिश्चित किया जाए। सहकारिता विभाग साप्ताहिक समीक्षा कर समितिवार डाटा तैयार करे तथा खाद का वितरण रोटेशन के आधार पर किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक समिति में खाद की उपलब्धता पर सतत निगरानी रखी जाए। जिन समितियों से खाद का उठाव कम हुआ है, उनकी समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई की जाए तथा पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध होने के बावजूद उठाव नहीं करने वाली समितियों को नोटिस जारी किए जाएं। उन्होंने किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने तथा शेष किसानों से भी खाद का उठाव सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

फसल बीमा योजना की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने कृषि एवं संबंधित विभागों को किसानों को अधिक से अधिक फसल बीमा कराने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में शत-प्रतिशत फसल बीमा का लक्ष्य प्राप्त करने के लिए सभी विभाग समन्वित रूप से कार्य करें।

सार्वजनिक वितरण प्रणाली की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिन विकासखंडों में खाद्यान्न वितरण का प्रतिशत कम है, वहां संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी किए जाएं तथा आगामी चार दिवस में शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने संबंधित एसडीएम को जेएसओ के साथ बैठक कर नियमित समीक्षा करने तथा वर्षा से प्रभावित क्षेत्रों में अग्रिम खाद्यान्न भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

मूंग उपार्जन की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने परिवहन कार्य में तेजी लाने, स्वीकृति पत्रक शीघ्र जारी करने तथा संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से फील्ड भ्रमण कर किसानों से संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्लॉट बुकिंग एवं टोकन जनरेशन में आ रही समस्याओं का संगोष्ठी आयोजित कर त्वरित निराकरण करने के भी निर्देश दिए। बैठक में शासकीय भूमि पर अतिक्रमण के मामलों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी एसडीएम को अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। साथ ही संभागायुक्त कार्यालय के समय-सीमा पत्रों में लंबित प्रकरणों पर संबंधित विभाग प्रमुखों के एससीएन जारी कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.