Type Here to Get Search Results !

कलेक्टर ने किया चौतलाय स्थित मूंग उपार्जन केन्द्र का औचक निरीक्षण केंद्र पर मिली अनियमितता पर नाराजगी, व्यवस्था सुधारने के दिए निर्देश

 उपार्जन केंद्र पर मिली अव्यवथाओं के संबंध में प्रबंधक एवं वेयरहाउस संचालकों को जारी किए जाएं नोटिस : कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा


कलेक्टर ने किया चौतलाय स्थित मूंग उपार्जन केन्द्र का औचक निरीक्षण

केंद्र पर मिली अनियमितता पर नाराजगी व्यक्त करते हुए व्यवस्था सुधारने के दिए निर्देश

नर्मदापुरम/31,जुलाई,2026/ कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा द्वारा शनिवार को सिवनी मालवा विकासखंड के चौतलाय स्थित साईं कृपा वेयरहाउस का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उपार्जन केन्‍द्र पर अव्यवस्थाएं पाए जाने पर कलेक्टर द्वारा अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए संबंधित वेयरहाउस संचालक के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई के लिए प्रस्ताव तैयार किए जाने के निर्देश दिए। साथ ही खरीदी प्रक्रिया में लापरवाही बरतने पर सिवनी मालवा विपणन संघ (मार्केटिंग समिति) के समिति प्रबंधक को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि वेयरहाउस के मुख्य प्रवेश द्वार पर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को व्यवस्थित रूप से कतारबद्ध नहीं कराया जा रहा था। वहीं वेयरहाउस तक पहुंचने वाले मार्ग पर बड़े-बड़े गड्ढे एवं जलभराव के कारण किसानों को उपज लेकर आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। मौके पर उपस्थित किसानों ने भी बताया कि खरीदी केंद्र पर उनके लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाओं का अभाव है, जिससे उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

एसडीएम सिवनी मालवा ने कलेक्टर को अवगत कराया कि उक्त वेयरहाउस की अव्यवस्थाओं के संबंध में पूर्व में भी वेयरहाउस संचालक को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया था, लेकिन इसके बावजूद आज तक कोई प्रभावी सुधारात्मक कार्रवाई नहीं की गई। इस पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित वेयरहाउस के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण में यह भी सामने आया कि सिवनी मालवा विपणन संघ द्वारा संचालित खरीदी केंद्र पर पर्याप्त संख्या में तौल कांटे उपलब्ध नहीं होने से उपार्जन कार्य प्रभावित हो रहा है तथा किसानों को अनावश्यक प्रतीक्षा करनी पड़ रही है। इस पर कलेक्टर ने समिति प्रबंधक के विरुद्ध कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने एवं परिसर में व्याप्त अन्य अव्यवस्थाओं की विस्तृत जांच कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। खरीदी स्थल पर तुलाई कार्य में अनावश्यक विलंब पाए जाने पर कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने तत्काल पंचनामा तैयार करने के निर्देश भी दिए तथा अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा कि किसानों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उपार्जन केंद्रों पर किसी भी प्रकार की लापरवाही, अव्यवस्था अथवा किसानों के हितों की अनदेखी को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा संबंधितो के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री हिमांशु जैन, एसडीएम सिवनी मालवा श्री विजय राय सहित अन्य संबंधित अधिकारी गण उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.