Type Here to Get Search Results !

'गुरु ही जीवन के सच्चे मार्गदर्शक'— कलेक्टर ने विद्यार्थियों को संस्कार और अनुशासन का पाठ पढ़ाया

 'गुरु ही जीवन के सच्चे मार्गदर्शक'— कलेक्टर ने विद्यार्थियों को संस्कार और अनुशासन का पाठ पढ़ाया

गुरु पूर्णिमा पर कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा पहुंचे एसपीएम प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला, बच्चों से किया आत्मीय संवाद

'प्रोजेक्ट ज्ञानार्पन' के तहत शीघ्र मिलेगी सभी बच्चों को बेंच-डेस्क की सुविधा


नर्मदापुरम/29,जुलाई,2026/ गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने एसपीएम प्राथमिक शाला पहुंचकर विद्यार्थियों के साथ आत्मीय संवाद किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की विभिन्न कक्षाओं का निरीक्षण किया तथा बच्चों की शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली। कलेक्टर ने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि 'प्रोजेक्ट ज्ञान अर्पण' के अंतर्गत शीघ्र ही विद्यालय के सभी बच्चों के लिए बेंच एवं डेस्क की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, जिससे उन्हें बेहतर वातावरण में अध्ययन करने का अवसर मिल सके।

इस अवसर पर कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने विद्यार्थियों को गुरु पूर्णिमा के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि जीवन में गुरुओं का सम्मान सर्वोपरि है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने गुरुजनों के प्रति सदैव कृतज्ञ रहने और उनका सम्मान करने का आह्वान किया। कलेक्टर ने "गुरुर ब्रह्मा गुरुर विष्णुः गुरुर देवो महेश्वरः, गुरु साक्षात् परब्रह्म तस्मै श्री गुरवे नमः" श्लोक का अर्थ समझाते हुए कहा कि गुरु ही जीवन को सही दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने गुरुओं की आज्ञा का पालन करने, उनके आदर्शों को अपनाने तथा अनुशासन, संस्कार और ज्ञान के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यालय की साइंस लैब का अवलोकन किया और विद्यार्थियों को वहां उपलब्ध वैज्ञानिक संसाधनों का अधिकतम उपयोग कर प्रयोगात्मक शिक्षा से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ व्यवहारिक एवं प्रयोगात्मक शिक्षा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।

गुरु पूर्णिमा के अवसर पर कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हिमांशु जैन ने विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों के साथ पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। इसके पश्चात दोनों अधिकारियों ने बच्चों के साथ सामूहिक छायाचित्र खिंचवाए।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.