Type Here to Get Search Results !

रिमझिम फुहारों के बीच जिले को हरा-भरा बनाने के लिए बिखेरी गईं हरियाली की गेंदें

 रिमझिम फुहारों के बीच जिले को हरा-भरा बनाने के लिए बिखेरी गईं हरियाली की गेंदें



कमिश्नर श्री श्रीकांत बनोठ एवं कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के नेतृत्व में जिलेभर में हुआ वृहद सीड बॉल प्रसार से नवांकुर का प्रारंभ

हासलपुर में बच्चों के साथ कमिश्नर एवं कलेक्टर ने नवांकुर अभियान में की सहभागिता

नर्मदापुरम/21,जुलाई,2026/  प्राकृतिक वनीकरण को बढ़ावा देने और जिले को अधिक हरित एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को नवांकुर अभियान के अंतर्गत जिलेभर में सीड बॉल का व्यापक स्तर पर प्रसार किया गया। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के नेतृत्व में यह अभियान जिले की सभी जनपद पंचायतों, तहसीलों एवं नगरीय निकायों में एक साथ संचालित किया गया। इस अवसर पर संभाग आयुक्‍त श्री श्रीकांत बनोठ, जनपद पंचायत नर्मदापुरम के अध्यक्ष श्री भूपेंद्र चौकसे, मध्य प्रदेश तैराकी संघ के अध्यक्ष श्री पीयूष शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।

सीडबॉल प्रक्षेपण कार्यक्रम के दौरान कमिश्नर श्री श्रीकांत बनोठ ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण एवं जिले में प्राकृतिक वनीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा प्रारंभ की गई है पहल निश्चित रूप से कारगर साबित होगी। उन्होंने कहा कि संभाग के अन्य जिले भी इस पहल से प्रेरित होकर ऐसे नवाचार प्रारंभ करेंगे। उन्होंने कहा कि सीड बॉल से वृक्षारोपण के तहत सफलता प्रतिशत भी अच्छा होता है जिससे बीजों के पनपने की संभावना भी बढ़ जाती है।

कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने जनपद पंचायत नर्मदापुरम के ग्राम हासलपुर में आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए बच्चों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं ग्रामीणों के साथ सीड बॉल का प्रसार किया। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक वनों के संरक्षण एवं विस्तार के लिए जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक है। सीड बॉल तकनीक के माध्यम से ऐसे क्षेत्रों में भी वृक्षारोपण को बढ़ावा दिया जा सकता है, जहां पारंपरिक तरीके से पौधरोपण करना कठिन होता है।

 "बीज से वृक्ष तक" के संकल्प के साथ विश्व पर्यावरण दिवस (5 जून) से प्रारंभ हुए नवांकुर अभियान के अंतर्गत जिले में अब तक 2 लाख से अधिक सीड बॉल का निर्माण देशी एवं स्थानीय वृक्ष प्रजातियों के बीजों को चिकनी मिट्टी और गोबर खाद अथवा कम्पोस्ट के मिश्रण से किया गया।  जो अब जिले भर में वन घनत्व बढ़ाने में उपयोग किए जा रहे हैं।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने बच्चों से पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान करते हुए कहा कि आज बिखेरी गई ये सीड बॉल भविष्य में हजारों नए वृक्षों का रूप लेकर जिले को हरियाली से आच्छादित करेंगी। उन्होंने सभी नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने तथा अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिले में यह अभियान आगे भी सतत रूप से चालू रहेगा एवं सीड बॉल का प्रक्षेपण कर पर्यावरण संरक्षण के इस पुनीत कार्य को किया जाएगा।

नवांकुर अभियान के तहत जिलेभर में स्थानीय एवं देशी प्रजातियों के बीजों से तैयार सीड बॉल का प्रसार कर नर्मदांचल को हरियाली की चादर ओढ़ने का कार्य शुरू किया गया। अभियान में विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, विद्यार्थियों एवं आमजन ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। अभियान का उद्देश्य प्राकृतिक वनीकरण को बढ़ावा देना, जैव विविधता का संरक्षण करना तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण सुनिश्चित करना है।


Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.