Type Here to Get Search Results !

जनसुनवाई में कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने सुनीं आवेदकों की समस्याएं, त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

 जनसुनवाई में कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने सुनीं 102 आवेदकों की समस्याएं, त्वरित निराकरण के दिए निर्देश


नर्मदापुरम/21,जुलाई,2026/  कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने आमजन की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र एवं प्रभावी निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री हिमांशु जैन, अपर कलेक्टर श्री राजेश शुक्ला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर श्री मिश्रा ने कुल 102 आवेदकों की समस्याएं सुनकर संबंधित विभागों के अधिकारियों को समय-सीमा में समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में ग्राम कालाआखर निवासी श्री शिवनारायण नागवंशी ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की राशि नियमित रूप से प्राप्त नहीं होने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। इस पर कलेक्टर श्री मिश्रा ने संबंधित अधिकारी को प्रकरण का परीक्षण कर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार ग्राम ढाबा कलां निवासी कृषक श्री धर्मेंद्र पालीवाल ने फसल की राशि का भुगतान लंबित होने की शिकायत दर्ज कराई। कलेक्टर श्री मिश्रा ने जिला आपूर्ति अधिकारी को मामले की जांच कर नियमानुसार शीघ्र भुगतान कराने के निर्देश दिए।

एक अन्य प्रकरण में तहसील सोहागपुर के ग्राम नयागांव के ग्रामीणों ने ग्राम निबोरा में विद्युत सब-स्टेशन की स्वीकृति मिलने के बावजूद कार्य प्रारंभ नहीं होने से क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति प्रभावित होने की समस्या से अवगत कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर श्री मिश्रा ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को स्वीकृत कार्य को प्राथमिकता के आधार पर तत्काल प्रारंभ कराने तथा समस्या का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने अधिकारियों से कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का संवेदनशीलता एवं गंभीरता के साथ निराकरण किया जाए, ताकि आमजन को समय पर राहत मिल सके।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.