सीएम हेल्पलाइन में खराब प्रदर्शन करने वाले विभागों पर कलेक्टर की सख्त कार्रवाई
सीएम हेल्पलाइन में सी और डी श्रेणी में स्थान प्राप्त करने वाले विभाग रेडक्रॉस सोसायटी में जमा करेंगे जुर्माना
बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों को तत्काल मोटरेबल बनाएं संबंधित विभाग : कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा
समय अवधि पत्रों की बैठक के दौरान कलेक्टर ने की विभागीय योजनाओं एवं अभियानों की समीक्षा
नर्मदापुरम/24,अगस्त,2026/ समय अवधि पत्रों की बैठक में कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण की विभागवार समीक्षा करते हुए लापरवाही बरतने वाले विभागों के प्रति नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन में C श्रेणी प्राप्त करने वाले विभागों पर 1,000 तथा D श्रेणी प्राप्त करने वाले विभागों पर 2,100 रूपये का जुर्माना अधिरोपित कर राशि रेड क्रॉस सोसायटी में जमा कराई जाए। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। संबंधित अधिकारी शिकायतों का नियमित रूप से परीक्षण कर लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करें। इस दौरान कृषि विभाग, एमपीयूडीसी, जेल, पेंशन तथा मध्य प्रदेश वेयरहाउसिंग एवं लॉजिस्टिक डिपार्टमेंट को डी ग्रेड प्राप्त करने 2100 रुपए जुर्माने के रूप में रेड क्रॉस सोसाइटी में जमा किए जाने के निर्देश दिए। इसी प्रकार अनुसूचित जाति कल्याण विभाग, जल संसाधन विभाग को सी श्रेणी में स्थान प्राप्त करने पर 1 हजार रुपए जुर्माना रेडक्रॉस सोसायटी में जमा करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने पीडब्ल्यूडी, नगर पालिका सहित सभी संबंधित निर्माण विभागों को निर्देश दिए कि क्षतिग्रस्त सड़कों को तत्काल मोटरेबल बनाया जाए, ताकि आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो। कलेक्टर ने ईई पीडब्ल्यूडी को पचमढ़ी में निर्मित मार्गों की जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मार्गों की गुणवत्ता एवं निर्माण कार्यों की जांच कर अगले 10 दिनों में जांच रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। कलेक्टर श्री मिश्रा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी अथवा निर्माण संस्था के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
मौसम विभाग द्वारा जिले में भारी वर्षा की चेतावनी को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने अधिकारियों को सतर्क रहने तथा बारिश से उत्पन्न होने वाली संभावित समस्याओं से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में अतिवृष्टि एवं वर्षा से होने वाली क्षति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सभी तहसीलदारों को निर्देशित किया कि आरबीसी 6(4) के अंतर्गत राहत के कोई भी प्रकरण लंबित नहीं रहने चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्षा के कारण किसी भी प्रकार की जनहानि अथवा संपत्ति की क्षति होने पर पीड़ितों को नियमानुसार तत्काल राहत उपलब्ध कराई जाए तथा प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि जिले में पुल-पुलियों, छोटे नदी-नालों तथा रपटों पर लगातार निगरानी रखी जाए। जहां पानी का बहाव अधिक हो अथवा रपटों के ऊपर पानी आ गया हो, वहां तत्काल यातायात बंद कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ऐसी परिस्थितियों में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो, इसके लिए प्रशासनिक अमला पूरी तरह सतर्क रहे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि संवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग, सूचना एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि जिले में बारिश की स्थिति पर सतत निगरानी रखी जाए। अत्यधिक वर्षा अथवा प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए आवश्यकता पड़ने पर स्कूलों में अवकाश के संबंध में आवश्यक निर्देश तत्काल जारी किए जाएं। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बारिश एवं अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों को फसल बीमा योजना के तहत नियमानुसार लाभ उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि फसलों को हुए नुकसान का नियमानुसार आकलन कर किसानों को योजना का लाभ दिलाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने जिले में संचालित कन्या छात्रावासों एवं विद्यालयों की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी छात्रावासों एवं विद्यालयों का नियमित भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लें और छात्राओं से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त करें। कलेक्टर ने कहा कि रक्षाबंधन पर्व को दृष्टिगत रखते हुए जिले के कन्या छात्रावासों एवं विद्यालयों में छात्राओं के साथ रक्षाबंधन का त्यौहार मनाया जाए। उन्होंने अन्य विभागों की जिला स्तरीय महिला अधिकारियों को भी स्कूलों एवं छात्रावासों का भ्रमण कर छात्राओं से संवाद करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिला अधिकारी छात्राओं से उनके अध्ययन, सुविधाओं और किसी भी समस्या के संबंध में चर्चा करें तथा आवश्यकतानुसार संबंधित अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए जाएं।
बैठक में कलेक्टर ने निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जिन विभागों के निर्माण कार्य स्वीकृत होने के बाद भी अभी तक प्रारंभ नहीं हुए हैं, वे सभी कार्य प्रारंभ न होने का कारण सहित रिपोर्ट मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत को प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि स्वीकृत निर्माण कार्यों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा संबंधित विभाग समय-सीमा में आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कर कार्य प्रारंभ कराना सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने जिले में फार्मर आईडी बनाने का कार्य कैंपिंग मोड में संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कार्य को प्रभावी ढंग से पूरा करने के लिए क्लस्टरवार एवं हलकावार कार्य विभाजित किया जाए।
बैठक के दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री हिमांशु जैन, अपर कलेक्टर श्री राजेश शुक्ला सहित अन्य अधिकारी गण उपस्थित रहे।