Type Here to Get Search Results !

ए .पी .सी. ने किसान संगठनों के साथ बैठक की, ई विकास पोर्टल को मजबूत बनाने के लिए हुई चर्चा

 किसान संगठनों के सुझाव अत्यंत महत्वपूर्ण, ई-विकास पोर्टल को सशक्त बनाने में मिलेगी सहायता : कृषि उत्पादन आयुक्त के.सी. गुप्ता

ए .पी .सी. ने किसान संगठनों के साथ बैठक की, ई विकास पोर्टल को मजबूत बनाने के लिए हुई चर्चा

नर्मदापुरम/03,अगस्‍त,2026/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार ई-विकास प्रणाली के क्रियान्वयन को अधिक प्रभावी बनाने के लिए वितरण एवं कृषि उर्वरक आपूर्ति समाधान प्रणाली के संबंध में विभिन्न किसान संगठनों से सुझाव प्राप्त करने के लिए कृषि उत्पादन आयुक्त श्री के. सी .गुप्ता की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा नर्मदा पुरम संभाग अंतर्गत किसान संगठनों के साथ बैठक आयोजित की गई।

कृषि उत्पादन आयुक्त (अतिरिक्त मुख्य सचिव) श्री के.सी. गुप्ता कि अध्यक्षता में  सोमवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित बैठक के दौरान विभिन्न किसान संगठनों के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे जिनके साथ ई-विकास पोर्टल के सुदृढ़ीकरण एवं सरलीकरण के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। बैठक के दौरान भोपाल से आए तकनीकी विशेषज्ञों द्वारा ई-विकास पोर्टल की कार्यप्रणाली, उपलब्ध सुविधाओं तथा संचालन व्यवस्था की जानकारी प्रस्तुत की गई।

इस अवसर नर्मदापुरम कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने बताया कि जिले में अब तक ई-विकास पोर्टल के माध्यम से 65,201 मीट्रिक टन उर्वरक का उठाव किया जा चुका है। पोर्टल के जरिए अब तक 93,640 किसानों ने पैक्स, मार्कफेड, निजी विक्रय केंद्रों एवं एमपी एग्रो से उर्वरक क्रय किया है। वहीं किसानों द्वारा यूरिया, डीएपी, टीएसपी, एमओपी, एनपीके एवं एसएसपी उर्वरकों के लिए 2,03,871 टोकन बुक किए गए हैं।

बैठक में किसान संगठनों के प्रतिनिधियों ने ई-विकास पोर्टल को और अधिक प्रभावी एवं उपयोगकर्ता अनुकूल बनाने के लिए अपने सुझाव प्रस्तुत किए। उन्होंने कहा कि पोर्टल उर्वरकों की कालाबाजारी एवं बिचौलियों पर प्रभावी नियंत्रण का महत्वपूर्ण माध्यम है, लेकिन कुछ तकनीकी एवं संचालन संबंधी विसंगतियों के कारण इसकी पहुंच अभी सभी किसानों तक समान रूप से नहीं हो पा रही है। अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री के.सी. गुप्ता ने किसान संगठनों के सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए मौके पर मौजूद तकनीकी विशेषज्ञों को निर्देश दिए कि किसानों द्वारा प्रस्तुत किए गए सुझावों के आधार पर रिपोर्ट तैयार की जाए। उन्होंने बैठक में उपस्थित समस्त किसान संगठनों के प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि नर्मदापुरम संभाग से सभी जिलों में बैठक के दौरान प्राप्त सुझावों की संकलित रिपोर्ट शासन के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी। जिससे पोर्टल को अधिक सरल, सुगम और सभी किसानों के लिए सहज बनाया जा सके। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि प्राप्त सुझावों पर प्राथमिकता के साथ विचार किया जायेगा एवं ई-विकास पोर्टल को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।

बैठक में प्रबंध संचालक मार्कफेड श्री अभिजीत अग्रवाल, महाप्रबंधक अपेक्स बैंक श्री के.टी. सज्जन, संभाग आयुक्त नर्मदापुरम संभाग श्री श्रीकांत बनोठ, कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हिमांशु जैन सहित विभिन्न किसान संगठनों के पदाधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.