कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने राष्ट्रीय डेयरी ब्रीडिंग सेंटर का किया निरीक्षण
पशुओं को डाइट चार्ट के अनुसार चारा-दाना देने और जल निकासी की उचित व्यवस्था के दिए निर्देश
नर्मदापुरम/19,सितम्बर,2026/ से
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री मिश्रा ने पशुओं के रखरखाव, खान-पान एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि केंद्र में उपलब्ध सभी पशुओं को डाइट चार्ट के अनुसार निर्धारित मात्रा में चारा एवं दाना उपलब्ध कराया जाए, ताकि पशुओं के स्वास्थ्य एवं पोषण का उचित ध्यान रखा जा सके।
कलेक्टर ने डेयरी परिसर के समीप जल भराव की स्थिति का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परिसर में जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए उचित जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे पशुओं एवं केंद्र की व्यवस्थाओं पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने गौवंश का विधिवत पूजन किया तथा उन्हें गौ ग्रास एवं हरा चारा खिलाया। उन्होंने पशुओं के संरक्षण एवं बेहतर देखभाल के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हिमांशु जैन, एसडीएम इटारसी श्री निलेश शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।