Type Here to Get Search Results !

स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. विचित्र कुमार सिन्हा की स्मृति को समर्पित हुआ मार्ग

 स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. विचित्र कुमार सिन्हा की स्मृति को समर्पित हुआ मार्ग

नर्मदा महाविद्यालय से सर्किट हाउस तक का मार्ग

अब कहलाएगा ‘विचित्र कुमार सिन्हा मार्ग’


नर्मदापुरम/05,सितम्‍बर,2026/ स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, साहित्यकार, मूर्धन्य पत्रकार, कवि, लेखक, चित्रकार एवं समाजसेवी स्व. श्री विचित्र कुमार सिन्हा की पुण्य स्मृति में 5 सितंबर को नर्मदा महाविद्यालय के कॉन्फ्रेंस सभागार में स्मृति समारोह आयोजित किया गया। समारोह के उपरांत नर्मदा महाविद्यालय के सामने से सर्किट हाउस तक के मार्ग का नामकरण ‘विचित्र कुमार सिन्हा मार्ग’ किए जाने के उपलक्ष्य में नाम पट्टिका का लोकार्पण अतिथियों द्वारा किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं नर्मदापुरम विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा ने कहा कि जीवन में कृतज्ञता का विशेष महत्व है। स्व. विचित्र कुमार सिन्हा ने स्वतंत्रता आंदोलन में देश के लिए जो योगदान दिया, उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनके नाम पर मार्ग का नामकरण किया जाना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि सिन्हा जी ने देश और समाज के लिए जो कार्य किए, उनके मुकाबले यह सम्मान बहुत छोटा है। उनके पुत्र श्री के.के. सक्सेना एवं पौत्र श्री विलक्षण सक्सेना द्वारा उनकी स्मृतियों को संजोने का कार्य समाज के लिए अनुकरणीय पहल है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती नीतू महेंद्र यादव ने की। उन्होंने कहा कि आज शिक्षक दिवस है और पत्रकार भी गुरू के समान होते हैं। स्व. विचित्र कुमार सिन्हा का स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनके सम्मान में नर्मदा महाविद्यालय से सर्किट हाउस तक का मार्ग अब ‘विचित्र कुमार सिन्हा मार्ग’ के नाम से जाना जाएगा।

कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में जनपद अध्यक्ष भूपेंद्र यादव, नगर पालिका उपाध्यक्ष अभय वर्मा, भोपाल से आए स्व. सिन्हा जी के परिजन, नर्मदा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राम कुमार चौकसे, महाविद्यालय के प्रोफेसर एवं विद्यार्थी, शहर के साहित्यकार, पत्रकार, कायस्थ समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं सदस्य सहित अनेक नागरिक उपस्थित रहे।

आयोजन समिति के सदस्यों का सम्मान

समारोह के दौरान विचित्र कुमार सिन्हा स्मृति समारोह समिति के कार्यकारिणी सदस्यों का अतिथियों द्वारा सम्मान किया गया। वहीं आयोजन समिति की ओर से अतिथियों का शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन विलक्षण सक्सेना ने किया। स्वागत भाषण बलराम शर्मा ने दिया तथा आभार प्रदर्शन अभय वर्मा ने किया कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.