Type Here to Get Search Results !

कलेक्टर नर्मदापुरम के निर्देश पर मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत ग्राम लोखरतलाई में लगा ब्लॉक स्तरीय शिविर

 कलेक्टर नर्मदापुरम के निर्देश पर मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत ग्राम लोखरतलाई में लगा ब्लॉक स्तरीय शिविर

एसडीएम सिवनी मालवा ने किया ग्राम लोखरतलाई की विभिन्न संस्थाओं निरीक्षण, एसडीएम तथा जनप्रतिनिधियों ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं


नर्मदापुरम/18,सितम्‍बर,2026/ लेक्टर नर्मदापुरम श्री सोमेश मिश्रा के निर्देशानुसार मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत तहसील सिवनी मालवा के ग्राम लोखरतलाई में ब्लॉक स्तरीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के दौरान एसडीएम सिवनी मालवा श्री विजय राय तथा उपस्थित जनप्रतिनिधियों द्वारा ग्राम में विभिन्न संस्थानों एवं व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया तथा ग्रामीणों की समस्याओं एवं शिकायतों को सीधे सुना गया।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम द्वारा ग्राम लोखरतलाई स्थित सहकारी समिति के खाद वितरण केंद्र का निरीक्षण किया गया, जहां केंद्र बंद पाया गया। खाद वितरण केंद्र के निर्धारित समय पर बंद पाए जाने को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम श्री विजय राय द्वारा संबंधित सहकारी समिति को नोटिस जारी किया गया तथा कारण बताओ नोटिस (SCN) के माध्यम से स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। साथ ही किसानों को खाद वितरण में किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार खाद की उपलब्धता एवं वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

इसके बाद मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत आयोजित ब्लॉक स्तरीय शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं एवं शिकायतों को सुना गया तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विभागीय सेवाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई।

शिविर में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रेणुका मृगेंद्र सिंह मंडलोई, जिला अध्यक्ष श्रीमती प्रीति पवन शुक्ला, श्री मृगेंद्र मंडलोई, श्री रघुवीर राजपूत सहित अन्य वरिष्ठ जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

एसडीएम श्री विजय राय ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं एवं शिकायतें सुनीं। जिन समस्याओं का मौके पर निराकरण संभव था, उनका निराकरण किया गया। वहीं अन्य प्रकरणों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

शिविर में 53 आवेदन एवं शिकायतें प्राप्त

शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 53 आवेदन एवं शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें राजस्व विभाग से 27, पंचायत विभाग से 14, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग से 2, लोक निर्माण विभाग से 1, मध्यप्रदेश विद्युत वितरण कंपनी से 2, वन विभाग से 1, खाद्य विभाग से 2, निर्वाचन विभाग से 1 तथा शिक्षा विभाग से 2 आवेदन एवं शिकायतें प्राप्त हुईं। इसके साथ ही शिविर के दौरान 15 फार्मर आईडी बनाई गईं तथा 20 ई-केवाईसी की कार्यवाही की गई।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा शिविर में 52 लोगों की बीपी एवं शुगर की जांच की गई। ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी एवं उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में बताया गया।

आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण

शिविर के दौरान एसडीएम श्री विजय राय द्वारा ग्राम लोखरतलाई के आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया गया। उन्होंने केंद्र में बच्चों के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं एवं पोषण संबंधी गतिविधियों की जानकारी ली। इस दौरान बच्चों को फल वितरित किए गए तथा उन्हें नियमित रूप से आंगनवाड़ी एवं विद्यालय आने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया गया।

शासन की योजनाओं की दी गई जानकारी

शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों को अपने-अपने विभाग की संचालित योजनाओं एवं हितग्राहीमूलक कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। स्वास्थ्य, राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, कृषि, उद्यानिकी, खाद्य, वन, विद्युत, निर्वाचन एवं शिक्षा विभाग द्वारा संबंधित योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी ग्रामीणों को प्रदान की गई।

शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के समक्ष रखने, शिकायतों के निराकरण की प्रक्रिया जानने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने का अवसर मिला।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.