सेवा संकल्प अभियान
नर्मदापुरम में सेवा संकल्प अभियान के तहत योग एवं ध्यान शिविर का आयोजन
नर्मदापुरम/21,सितम्बर,2026/ शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय, नर्मदापुरम में "सेवा संकल्प अभियान-2026" के अंतर्गत सोमवार को विशेष योग एवं ध्यान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वस्थ जीवनशैली, मानसिक एकाग्रता और अनुशासन की भावना को विकसित करना रहा।
शिविर में मुख्य मार्गदर्शक के रूप में पीएम श्री शासकीय नर्मदा महाविद्यालय, नर्मदापुरम के प्रोफेसर डॉ. कमल वाधवा एवं डॉ. योगेश खण्डेलवाल ने ध्यान के विभिन्न पहलुओं पर विद्यार्थियों एवं स्टाफ को विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया।
इस अवसर पर नेचर योगा के प्रशिक्षक श्री नरेन्द्र गौर एवं हार्टफुलनेस एजुकेशन ट्रस्ट की ओर से योग, सूर्य नमस्कार एवं प्राणायाम का पूर्ण प्रशिक्षण व अभ्यास कराया गया। प्रशिक्षकों ने बताया कि नियमित योगाभ्यास शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक एकाग्रता, तनाव नियंत्रण एवं सकारात्मक सोच विकसित करने में अत्यंत सहायक है।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि स्वस्थ शरीर और सकारात्मक सोच के साथ विद्यार्थी समाज में सेवा, सहयोग एवं जागरूकता की भावना को आगे बढ़ा सकते हैं।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पी.सी. नरवरे ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को "स्वस्थ विद्यार्थी - स्वस्थ समाज" की भावना के साथ नियमित योग एवं व्यायाम को दिनचर्या में शामिल करने तथा सेवा कार्यों में सहभागिता का संदेश दिया। उन्होंने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन ही सेवा एवं राष्ट्र निर्माण की मजबूत आधारशिला हैं।
शिविर में विभागाध्यक्ष श्री आर. आर. चन्द्राकर, श्री देवेश तिवारी, श्री अंकुर सक्सेना, श्री सौरभ कैथवास, श्री सिद्धार्थ जाउरकर, श्री अजय कुमार चंडाले सहित समस्त व्याख्याता, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मंच संचालन श्री देवी प्रसाद मेहर द्वारा किया गया। शिविर के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित योगाभ्यास एवं सेवा कार्यों में निरंतर सहभागिता का संकल्प लिया।