पिपरिया में पुलवामा शहीदों की स्मृति में कैंडल मार्च, युवाओं ने दी श्रद्धांजलि
नर्मदापुरम् पिपरिया 14/2/2026 ( छगन कुशवाहा ) पिपरिया,पुलवामा हमले में शहीद हुए माँ भारती के वीर सपूतों की पावन स्मृति में शनिवार शाम शहर में विशाल कैंडल मार्च निकाला गया। स्टूडेंट ऑर्गनाइजेशन पिपरिया के आह्वान पर आयोजित इस श्रद्धांजलि मार्च में बड़ी संख्या में युवाओं, विद्यार्थियों और शहरवासियों ने भाग लेकर शहीद जवानों को नमन किया।
कैंडल मार्च शाम 6 बजे गर्ल्स कॉलेज सांडिया रोड से प्रारंभ हुआ। हाथों में मोमबत्तियां और तिरंगा लिए युवा देशभक्ति के नारों के साथ मंगलवारा चौराहे तक पहुंचे। पूरे मार्ग में माहौल राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत रहा।
मंगलवारा चौराहे पर पहुंचकर सभी ने 2 मिनट का मौन धारण कर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके पश्चात देश के अमर वीर जवानों के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके सर्वोच्च बलिदान को याद किया गया।
आयोजकों ने कहा कि 14 फरवरी 2019 का दिन देश कभी नहीं भूल सकता। शहीदों का बलिदान राष्ट्र के लिए प्रेरणा है और युवाओं का कर्तव्य है कि वे उनके आदर्शों पर चलें।
स्टूडेंट ऑर्गनाइजेशन पिपरिया ने शहरवासियों, देशप्रेमी नागरिकों और युवा साथियों से आह्वान किया कि वे ऐसे आयोजनों में सहभागी बनकर वीर जवानों के बलिदान को नमन करें और राष्ट्रहित में एकजुट रहें।





