नर्मदापुरम में बदलेगी गेहूं खरीदी की तस्वीर, 142 केंद्रों पर मिलेगी बेहतर सुविधा
कलेक्टर सोनिया मीना की तैयारी: इस बार लाइन कम, व्यवस्था ज्यादा
नर्मदापुरम् पिपरिया 27/3/2026
( छगन कुशवाहा )
नर्मदापुरम। रबी विपणन वर्ष 2026-27 के लिए जिले में गेहूं खरीदी की तैयारी इस बार पहले से ज्यादा व्यवस्थित और किसान-केंद्रित नजर आ रही है। कलेक्टर सोनिया मीना के निर्देशन में प्रशासन ने ऐसी व्यवस्था बनाई है, जिससे किसानों को खरीदी केंद्रों पर होने वाली परेशानियों से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।
जिले में कुल 142 उपार्जन केंद्र बनाए जा रहे हैं। इन केंद्रों का विस्तार सिवनी मालवा, पिपरिया, बनखेड़ी, इटारसी, माखन नगर, सोहागपुर, नर्मदापुरम और डोलरिया सहित विभिन्न क्षेत्रों में किया गया है, ताकि किसानों को अपने नजदीक ही सुविधा मिल सके।
हर केंद्र पर जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने का दावा
प्रशासन का कहना है कि इस बार सिर्फ केंद्रों की संख्या नहीं बढ़ाई गई, बल्कि वहां व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। सभी केंद्रों पर तुलाई मशीन, बायोमेट्रिक सिस्टम, गुणवत्ता जांच की व्यवस्था, बैठने की सुविधा, पेयजल और इंटरनेट जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
सख्ती के साथ निगरानी के निर्देश
कलेक्टर सोनिया मीना ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि खरीदी प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गुणवत्ता से समझौता न हो, इसके लिए अधिकारियों को सख्त निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। जिला और खंड स्तर की समितियां लगातार निरीक्षण करेंगी।
किसानों को राहत देने की कोशिश
हर साल खरीदी केंद्रों पर लगने वाली लंबी कतारें, तुलाई में देरी और अव्यवस्थाएं किसानों के लिए परेशानी का कारण बनती रही हैं। इस बार प्रशासन का फोकस इन समस्याओं को कम करने पर है, ताकि किसानों को समय पर और सुगमता से अपनी उपज बेचने का अवसर मिल सके।
प्रशासन की इस पहल से साफ है कि इस बार गेहूं खरीदी को केवल औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि एक सुव्यवस्थित अभियान के रूप में लागू करने की कोशिश की जा रही है।



