पिपरिया पुलिस का ‘ऑपरेशन माय फोन’ सफल: 6 मोबाइल बरामद, 1.30 लाख के फोन मालिकों को लौटाए
नर्मदापुरम् पिपरिया 3/3/2026 ( छगन कुशवाहा ) पिपरिया, (नर्मदापुरम)। गुम हुए मोबाइल फोन तलाशने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन माय फोन’ के तहत थाना पिपरिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 6 गुम मोबाइल ट्रेस कर बरामद किए, जिनकी कुल कीमत करीब 1.30 लाख रुपए बताई जा रही है। इनमें से 4 मोबाइल उनके मालिकों को सुपुर्द कर दिए गए हैं, जबकि 2 मोबाइल मालिकों के आने पर सौंपे जाएंगे।
थाना क्षेत्र में मोबाइल गुम होने की शिकायतें मिलने पर आवेदकों ने भारत सरकार के CEIR पोर्टल पर अपने फोन दर्ज कराए थे। इसी पोर्टल की मदद से पुलिस टीम ने मोबाइल ट्रैक कर उन्हें बरामद किया।
पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम साईकृष्णा एस. थोटा के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन के निर्देशन में, थाना प्रभारी गिरीश त्रिपाठी के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी। टीम ने तकनीकी सहायता से मोबाइल ट्रैक कर कार्रवाई को अंजाम दिया।
अब तक 17 मोबाइल रिकवर
पिपरिया पुलिस ने बताया कि अब तक CEIR पोर्टल की मदद से कुल 17 मोबाइल रिकवर किए जा चुके हैं, जिनमें से 15 मोबाइल मालिकों को सौंपे जा चुके हैं। शेष 2 मोबाइल भी जल्द ही संबंधित व्यक्तियों को दिए जाएंगे।
CEIR पोर्टल से मिलती है मदद
गौरतलब है कि CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल भारत सरकार की केंद्रीकृत प्रणाली है, जिसके माध्यम से खोए या चोरी हुए मोबाइल फोन को ट्रैक और ब्लॉक किया जा सकता है। इससे मोबाइल के दुरुपयोग पर रोक लगती है।
उल्लेखनीय भूमिका:
थाना प्रभारी गिरीश त्रिपाठी, प्र.आर. 517 अरुण जुदेव, आरक्षक 48 मोहसीन खान एवं आरक्षक 334 अतुल विश्वकर्मा की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने पर तुरंत नजदीकी थाने में सूचना देकर CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।







