पुलिस की सतर्कता से चोरी का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार — नगदी व जेवरात बरामद
नर्मदापुरम् पिपरिया 29/3/2026
( छगन कुशवाहा )
पिपरिया (नर्मदापुरम)। शहर में हुई चोरी की वारदातों का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से नगदी सहित सोने-चांदी के जेवरात भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक साई कृष्णा एस थोटा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन के निर्देशन में, एसडीओपी पिपरिया मोहित कुमार यादव के मार्गदर्शन तथा थाना स्टेशन रोड प्रभारी निरीक्षक आदित्य सेन के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 28-29 मार्च 2026 की दरमियानी रात गश्त के दौरान पुलिस टीम को देखकर तीन संदिग्ध युवक भागने लगे। संदेह होने पर पुलिस ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने चोरी की वारदातों में संलिप्तता स्वीकार कर ली।
पूछताछ में आरोपियों ने थाना स्टेशन रोड क्षेत्र में दर्ज कई चोरी के मामलों में शामिल होना कबूला। इनमें अपराध क्रमांक 393/25, 05/26, 47/26 एवं 82/26 शामिल हैं, जो भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 23 हजार रुपए नगद और सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
ये हैं गिरफ्तार आरोपी
- इब्राहिम उर्फ इल्लम, निवासी टावर मोहल्ला, पिपरिया
- नेतराज, निवासी लिलवानी, गाडरवाड़ा
- अशरफ खान, निवासी पिपरिया
- भरतू उर्फ भरत, निवासी सिधी कॉलोनी, गाडरवाड़ा
पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पतारसी, गिरफ्तारी और मशरूका बरामदगी में थाना स्टेशन रोड पिपरिया की टीम की भूमिका सराहनीय रही।



